महासमुन्द

अलग-अलग सडक़ दुर्घटना में 2 मौतें
30-Jan-2022 9:17 PM
अलग-अलग सडक़ दुर्घटना में 2 मौतें

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 30 जनवरी। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 बोहारपार मोड़ बसना के पास बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ  मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि दोनों अपने काम से जा रहे थे। उसी समय अज्ञात बाइक के चालक ने टक्कर मार दिया। दोनों बिजली विभाग में ठेके पर कार्य करते हैं। एक अन्य सडक़ दुर्घटना में घायल वृद्ध की मौत हुई है।

बसना पुलिस के अनुसार 28 जनवरी दोपहर कुरमाडीह निवासी यादराम हंशराज पिता दाता राम अपने दोस्त नरेश सिदार के साथ बाइक में अपने काम से ग्राम पौंसरा से सिंघनपुर जा रहे थे। बाइक को नरेश सिदार चला रहा था और पीछे सीट में यादराम बैठे थे। दोपहर 12 बजे जैसे ही ये लोग एनएच-53 रोड बोहारपार मोड़ के पास पहुंचे, ग्राम बोहारपार की ओर से आ रही बाइक के चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाही पूर्वक चलाकर बाइक को ठोकर मार दिया। इससे यादराम व नरेश सडक़ पर गिर गए और दोनों को गंभीर चोट आई। उपचार के लिए दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना लाए, जहां चिकित्सक ने कुरमाडीह निवासी नरेन्द्र सिदार पिता सीताराम 25 साल को मृत घोषित कर दिया।

एक अन्य सडक़ दुर्घटना में घायल वृद्ध की मौत। सडक़ हादसे में घायल वृद्ध की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने प्राप्त मेमो के आधार पर मर्ग कायम कर जांच में लिया है। पुलिस के अनुसार ग्राम रेमड़ा बसना निवासी बलराम बरिहा पिता संतोष 70 साल सडक़ हादसे में घायल हो गए थे, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


अन्य पोस्ट