महासमुन्द

जनपद कर्मी ने अध्यक्ष पर लगाया बंद कमरे में पीटने का आरोप, कोतवाली में शिकायत
30-Jan-2022 9:16 PM
 जनपद कर्मी ने अध्यक्ष पर लगाया बंद कमरे में पीटने का आरोप, कोतवाली में शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 30 जनवरी। महासमुंद जनपद पंचायत में पदस्थ एक कर्मचारी अध्यक्ष पर अभद्र व्यवहार करते हुए बंद कमरे में पिटाई करने की लिखित शिकायत कोतवाली में की है। कर्मचारी ने शिकायत की कापी कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ, जनपद सीईओ, तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ एवं ब्राह्मण समाज को भी भेजी है। इस मामले में जनपद अध्यक्ष का कहना है कि आरोप निराधार है और कर्मचारी ने अपनी गलतियां छिपाने खातिर आरोप मढ़ा है। अध्यक्ष का कहना है कि एक वित्तीय फाईल में अनियमितता की शिकायत पर उक्त कर्मचारी को फाईल लाने कहा लेकिन कई बार के आदेश के बाद भी उसने फाइल दिखाना उचित नहीं समझा। अनियमितता उजागर होने के डर से उसने यह आरोप लगाया है।

घटना 24 जनवरी की बताई जा रही है। कर्मचारी की शिकायत पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पुलिस कह रही है कि जांच के बाद कार्रवाई होगी। इस मामले में प्रार्थी जनपद पंचायत महासमुंद में पदस्थ सहायक ग्रेड 3 राजेश शर्मा ने बताया कि 24 जनवरी को जनपद अध्यक्ष यतेंद्र साहू और उनके साथ मौजूद देवा जलक्षत्री ने मुझे चर्चा करने के लिए सीईओ के कक्ष में बुलाया। इसके बाद अध्यक्ष ने मोबाइल बाहर रखकर अंदर आने कहा। मैंने उनकी बात मानी और चालक को मोबाइल दे दिया। मोबाइल देने के बाद देवा जलक्षत्री ने कमरे का दरवाजा बंद किया और फिर दोनों ने गाली देते हुए पिटाई कर दी। राजेश शर्मा ने बताया कि उनके साथ ऐसा दूसरी बार हो रहा है। इससे पहले भी अध्यक्ष ने अभद्र व्यवहार किया था।

इस मामले में जनपद अध्यक्ष यतेंद्र साहू ने कहा कि कर्मचारी द्वारा लगाए गए आरोप निराधार हैं। मैंने मारपीट नहीं की है। यदि ऐसा है तो वे जांच करा सकते हैं। सहायक ग्रेड-3 राजेश शर्मा से 29 सितंबर 2021 को सामान्य प्रशासन की बैठक का एजेंडा व नस्ती फाइल रोकड़, पंजी, कैश बुक के अवलोकन के लिए चर्चा कर निर्देशित किया। साथ ही विगत कई माह से आय एवं व्यय की जानकारी पूर्व एवं वर्तमान में भी उनसे मांगी गई थी, लेकिन उन्होंने नहीं दी और उनके द्वारा अपमानित भी किया गया। इसके बाद कर्मचारी के खिलाफ जांच के लिए पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव से मांग की थी। इस पर जांच के लिए जिला पंचायत से कमेटी भी बनी है। इन सब कारणों से कर्मचारी बौखला गया है।

इस मामले में छग तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष अशोक गिरी गोस्वामी ने कहा कि कर्मचारी के साथ मारपीट की जानकारी मिली है। इस संबंध में सीईओ से चर्चा की जाएगी। चर्चा के बाद आगे की कार्रवाई के संबंध में फैसला लेंगे। सीईओ के कमरे में मारपीट करने के दौरान सीसीटीवी कैमरा बंद होना बताया जा रहा है। मालूम हो कि जनपद पंचायत के कमरों व परिसर में लगे सभी कैमरे चालू हैं। लेकिन सीईओ के कमरे में लगा कैमरा पिछले कई महीने से खराब है। इस मामले में जनपद पंचायत महासमुंद के सीईओ एमआर यदु ने बताया कि सहायक ग्रेड  3 राजेश शर्मा ने लिखित में शिकायत आवेदन प्रस्तुत किया है।

 शिकायत में राजेश शर्मा ने बताया कि जनपद अध्यक्ष ने मेरे कमरे में गाली देते हुए मारपीट की है। उन्होंने बताया कि घटना के समय मैं नहीं था। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में शामिल होने के लिए ऊपर वाले कमरे में गया था। वहां से जब वापस आया तो मारपीट की शिकायत मिली। मैंने इस मामले में अध्यक्ष से चर्चा की, लेकिन उन्होंने मारपीट से इंकार किया।


अन्य पोस्ट