महासमुन्द

इलाज के बाद वापस लाया घुंचापाली मंदिर का घायल भालू
30-Jan-2022 9:15 PM
इलाज के बाद वापस लाया घुंचापाली मंदिर का घायल भालू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 30 जनवरी। जंगल सफारी में इलाज के बाद स्वस्थ्य होकर लौटे भालू को वन विभाग की टीम ने शनिवार को बागबाहरा के जंगल में छोड़ दिया है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक इलाज के बाद भालू का स्वास्थ्य ठीक है। अब वो जंगल में विचरण कर सकता है। वहीं इस पर टीम लगातार नजर बनाए रखेगी। यदि उसका स्वास्थ्य बिगड़ा तो फिर से इलाज कराया जाएगा।

भालू को जंगल में छोडऩे की पुष्टि बागबाहरा के वन परिक्षेत्र अधिकारी विकास चंद्राकर ने की है। उन्होंने बताया कि जंगल सफारी के चिकित्सक की सलाह पर भालू को जंगल में छोड़ा गया है। मैालूम हो कि यह वही भालू है जो बागबाहरा ब्लॉक के घुंचापाली चंडी मंदिर में प्रसाद खाने के लिए आता है। इसे किसी अज्ञात ने नुकीले हथियार से हमला कर घायल कर दिया था। वन परिक्षेत्र अधिकारी ने बताया कि 23 जनवरी उस पर हमला हुआ था। जब इसकी जानकारी हुई तो 24 तारीख को रेस्क्यू कर पिंजरा लगाया गया था, ताकि उसे उपचार के लिए जंगल सफारी ले जाया जाए। 24 तारीख को वह नहीं दिखा। इसके बाद आखिरकार 25 जनवरी को वह पिंजरे में आया। इसके बाद टीम ने उसे उपचार के लिए जंगल सफारी भेजा। 29 जनवरी को स्वास्थ्य ठीक होने के बाद से जंगल में छोडऩे लिए वापस बागबाहरा भेजा गया। इस तरह चिकित्सक की सलाह पर उसे फिर से जंगल में छोड़ दिया गया है। उन्होंने बताया कि घायल नर भालू की उम्र करीब 10 साल है।


अन्य पोस्ट