महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 जनवरी। जिले में संभावित तीसरी लहर नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के कारण बच्चों की बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा के कारण कल शुक्रवार से स्कूलों को फिर से बंद करने का आदेश दिया गया है लेकिन बागबाहरा विकासखण्ड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय धरमपुर के शिक्षकों ने पालक बैठक बुलाई और ऐसी योजना बनाई कि स्कूल बंद होने के बावजूद भी बच्चे पढ़ाई से दूर न हों। यहां के शिक्षकों, पूर्व छात्रों व पालकों एवं ग्रामीणों ने मिलकर बच्चों के घरों में पढ़ाई का कोना तैयार किया। घरों के बाहर वार्ड क्रमांक एक धरमपुर में 10 ब्लैक बोर्ड भी बना दिया ताकि बच्चों को अपने घर तथा समुदाय के मध्य भी पढ़ाई का माहौल मिल सके।
27 जनवरी को विद्यालय बंद होने के आदेश आने के पूर्व ही वहां के प्रधान पाठक रिंकल बग्गा व सहायक शिक्षक जनक राम ध्रुव ने बच्चों के साथ मिलकर बच्चों के घरों में पढ़ाई का कोना तैयार कर लिया था। पालकों का एक अलग इंटरनेट मीडिया ग्रुप भी बनाया गया है ताकि सूचना का आदान-प्रदान हो सकें व बच्चों को गृहकार्य भी दिया जा सके। पढ़ाई के दौरान कोरोना गाइड लाइन का पूरा ध्यान रखा गया है। मालूम हो कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जिले में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। शिक्षक भी बच्चों को जागरूक कर रहे हैं।