महासमुन्द

टेस्ट किट मेडिकल में मिलने से कोरोना टेस्ट आसान, सरकारी महकमे को नहीं मिल रही निगेटिव-पाजिटिव की जानकारी
18-Jan-2022 4:20 PM
टेस्ट किट मेडिकल में मिलने से कोरोना टेस्ट आसान, सरकारी महकमे को नहीं मिल रही निगेटिव-पाजिटिव की जानकारी

पॉजिटिव आने वाले मरीज स्वयं आइसोलेट होकर अपना स्वास्थ्य ठीक कर रहे  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 जनवरी।
कोविड टेस्ट की किट मेडिकल में मिलने से लोगों को अब टेस्ट करना आसान हो गया है। वे पॉजिटिव हैं या निगेटिव इसकी जानकारी 10 मिनट के अंदर में मिल जा रही है, लेकिन बड़ी समस्या यह है कि इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग के पास नहीं है। स्वयं जांच करने के बाद पॉजिटिव निकलने वाले मरीज किस तरह से अपना ट्रीटमेंट करा रहे हैं, कौन सी दवाइयां ले रहे हैं, होम आइसोलेशन में हैं या नहीं, ऐसी जानकारी सरकारी विभाग को नहीं मिल पा रही है। सरकारी महकमा भी इसके बारे में पता नहीं लगा पा रही है। इसी को देखते हुए शासन ने मेडिकल संचालकों को जानकारी लेकर किट देने को कहा है। हालांकि मेडिकल संचालक जानकारी लेकर ही किट बेच रहे हैं, फिर भी उक्त जानकारी सरकारी एजेंसी के पास नहीं पहुंच रही है।

मालूम हो कि जिले में पॉजिटिव आने वाले मरीज स्वयं घर में आइसोलेट होकर दवा खाकर अपना स्वास्थ्य ठीक कर ले रहे हैं। वहीं निगेटिव आने वाले भी इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को नहीं दे रहे हैं। हालांकि किट लेने की जानकारी मेडिकल वालों के पास तो है।

जिले में हर दिन टेस्ट के लिए मेडिकल से किट की बिक्री हो रही है। मेडिकल संचालकों ने बताया कि किट देने वाले लोगों की सारी जानकारियां रखी है, लेकिन वो पॉजिटिव व निगेटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी दे रहे हंै या नहीं इसके बारे में पता नहीं है। इस मामले में डा. छत्रपाल चंद्राकर का कहना है कि किट से जांच करने वालों की जानकारी अभी तक नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि किट लेने वालों को इसकी जानकारी ऑनलाइन देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अब आगे किट से जांच करने वालों के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास करेंगे।


अन्य पोस्ट