महासमुन्द
निर्माण पर रोक लगाने के आदेश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 जनवरी। नगर के मुख्य मार्ग पर वर्ष 1909 में खरियार के राजा बृजराज सिंह द्वारा निर्मित शासकीय बृजराज पाठशाला की जमीन पर अतिक्रमणकारियों की नजर है। बीते दिनों स्कूल परिसर से लगे संपन्न परिवार के लोगों ने स्कूल की जमीन दबाकर निर्माण शुरू किया। शिक्षकों के संज्ञान में आते ही इसकी शिकायत तहसीलदार से की गई है। जिस पर तहसीलदार ने भी त्वरित संज्ञान लेकर निर्माण पर रोक लगाने का आदेश दिया है।
स्कूल के शिक्षकों ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि मेडिकल कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठित व संपन्न परिवार ने स्कूल की जमीन पर अतिक्रमण करते हुए निजी निर्माण किया है। खास बात यह है कि यह निर्माण शीतकालीन अवकाश के समय स्कूल की छुट्टी और सूनेपन देखकर शुरू किया गया। स्कूल खुलते ही इसकी जानकारी शिक्षकों को हुई, तब शिकायत की गई।
मालूम हो कि बृजराज स्कूल के उत्तर दिशा में दशक पहले 10 फि ट चौड़ी गली थी। वर्तमान में यह गली लगाातार अतिक्रमण के चलते संकरी हो गई है। आसपास कई संपन्न व सामाजिक रूप से प्रतिष्ठित परिवार का मकान हैं। जिन्होंने पद व प्रभाव का दुरूपयोग कर स्कूल की जमीन हड़प ली है।