महासमुन्द
महासमुंद, 5 जनवरी। जल जीवन मिशन के तहत जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक मंगलवार को कलेक्टर डोमन सिंह की अध्यक्षता में जिला कार्यालय के महानदी सभाकक्ष में आयोजित हुई। इसमें कलेक्टर ने रेट्रो फिटिंग जलप्रदाय योजना, सिंगल विलेज पेयजल योजना की कार्य प्रगति की जानकारी ली। बैठक में कार्यपालन अभियंता व सदस्य सचिव ने तकनीकी स्वीकृति प्राप्त 24 सिंगल विलेज योजना के अनुमोदन व ऑनलाइन निविदा आमंत्रण का प्रस्ताव रखा। जिसे अनुमोदित किया गया। कलेक्टर ने पांच ग्राम पंचायत के 10 ग्रामों की स्कूल, आंगनाबड़ी, उप स्वास्थ्य केंद्र व अन्य शासकीय भवनों में रनिंग वाटर के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने, इसके साथ ही 9 रेट्रोफिटिंग, 8 सिंगल विलेज, एक रनिंग वाटर योजनाओं के लिए तैयार प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान करने, ऑनलाइन निविदा निमंत्रण हेतु ड्रॉफ्ट एनआईटी पर अनुमोदन किया।
बागबाहरा ब्लॉक के ग्राम अमेठी में फ्लोराइड रिमूव प्लांट स्थापना के लिए 16 लाख 73 हजार रुपए के प्राक्कलन की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान करने, एनएबीएल लैब के लिए कर्मचारी रखने, उपखंड स्तरीय सरायपाली में जल परीक्षण प्रयोगशाला को एनएबीएल लैब के रूप में उन्नयन जल्द करने कहा।