महासमुन्द

स्कूलों में कोरोना टीकाकरण जारी, कलेक्टर ले रहे जायजा
04-Jan-2022 5:15 PM
स्कूलों में कोरोना टीकाकरण जारी, कलेक्टर ले रहे जायजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 जनवरी।
सोमवार को 15-8 आयु वर्ग के किशोर-किशोरियों ने बारी बारी से कोरोना टीके लगवाए। आज भी स्कूलों में उनका वैक्सीनेशन जारी है। कलेक्टर डोमन सिंह जिला मुख्यालय स्थित स्कूलों में किए जा रहे टीकाकरण का लगातार जायजा ले रहे हैं। वे टीकाकरण केन््द्रों में पहुंचकर विद्यार्थियों से बातचीत भी कर रहे हैं और बच्चों से यह अपील कर रहे हैं कि अपने उम्र के मित्रों और परिजनों को जिन्होंने अभी तक कोविड की डोज नहीं ली है, लगवाने कहें।

उन्होंने ‘छत्तीसगढ़’ से मोबाइल पर कहा कि जिले किशोर-किशोरी टीका लगवाकर जागरूकता का परिचय दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिले के स्कूलों को ही वैक्सीन सेंटर बनाया गया है। इन केंद्रों में निगरानी और प्रतीक्षालय कक्ष भी बनाया गया है। निगरानी कक्ष में वैक्सीन लग चुके विद्यार्थियों को निगरानी में रखा जा रहा है।

स्थानीय वेडनर मेमोरियल स्कूल में कक्षा दसवीं की छात्रा मोक्षा विदानी, निशिता अजमानी, रबजोत सिंग चावला, प्राची अंबिलकर, चारू चांडक, कक्षा 11वीं के छात्र श्रेयांश दुबे ने टीका और मॉस्क दोनों को जरूरी बताया। महर्षि विद्या मंदिर की कक्षा 12 वीं की छात्रा श्रुति तिवारी का कहना है कि कोरोना को हराना है तो टीका का डोज लेना भी जरूरी है। इसके लिए हम अन्य पात्र विद्यार्थियों को भी प्रेरित करेंगे।

मालूम हो कि 15-8 आयु वर्ग के विद्यार्थियों के टीकाकरण के लिए जिले के हायर सेकेण्डरी स्कूलों में सोमवार से शिविर  आयोजित किए जा रहे हंै। शिविर में 18 साल से अधिक आयु के हितग्राही भी प्रथम और द्वितीय खुराक का टीकाकरण करवा सकेंगे। इसके लिए जिले में 158 साइट हाईस्कूलों में बनाई गयी हैं। हर स्कूल में न्यूनतम 120 टीके लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस तरह जिले में प्रतिदिन लगभग 19 हजार का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। महासमुंद जिले में लगभग 65 हजार 15 से 18 आयु वर्ग के किशोर-किशोरियों को कोविड से सुरक्षा के टीके लगाए जाएंगे। किशोर.किशोरियों के लिए केवल को-वैक्सीन टीके का ही विकल्प रहेगा।
 


अन्य पोस्ट