महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 जनवरी। कलेक्टर श्री डोमन सिंह आज बहुप्रतीक्षित तुमगांव ओवरब्रिज के निर्माण की ज़मीनी हक़ीक़त देखने पहुँचें । उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मय फ़ाइल के मौक़ा स्थल पर बुलाया। कुछ भूअर्जन के मामलों को शीघ्र निपटान करने व ओवरब्रिज के निर्माण के में तेज़ी लाने कहा।
उन्होंने ओवरब्रिज के कार्यस्थल पर होने वाली दिक्कतों का जायजा लिया। उन्होंने दो रहवासियों से भी अपील की कि जिन्होंने अभी तक भूअर्जन व निर्माण में अपनी सहमति नही दी है। उन्होंने कहा कि यह ओवरब्रिज आम जनता के लिए बेहद जरूरी है, आप दोनों का शासकीय नियमानुसार मुआवजा भी शासन देने के तैयार हैं। ऐसे में अपना सहयोग सेतु विभाग को करें ताकि निर्माण शीघ्र हो सके। इस रेलवे सेतु के बन जाने से शहर वासियों को लगातार लगने वाले ट्रेफक़ि जाम व आने जाने में होने वाली दिक्कतों से छुटकारा मिल जाएगा।
अधिकारियों ने इस दौरान उन्हें बताया कि रेलवे ओवर ब्रिज का तुमगांव की ओर और महासमुंद की और तक का लगभग 80 फीसदी काम पूरा हो गया है। इसके साथ रेलवे ओवरब्रिज में गर्डर डालकर स्लैब निर्माण का कार्य हो गया है। तुमगांव साईड की ओर होने वाला गर्डर स्लैब का निर्माण पूर्ण हो चुका है। इसी तरह महासमुंद शहर की ओर रिटर्न वॉल का निर्माण कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर श्री सिंह ने अधिकारियों को रेलवे ओवरब्रिज की अंतिम दौर की सभी प्रक्रियाओं को तय नियमानुसार पूरा करने के निर्देश दिए। वर्तमान में रेलवे फाटक बंद के कारण जाम की स्थित बन जाती है।