महासमुन्द

मंदिरों में हुई पूजा-अर्चना दोपहर बाद पिकनिक पर निकले
03-Jan-2022 11:15 AM
मंदिरों में हुई पूजा-अर्चना दोपहर बाद पिकनिक पर निकले

संजय कानन में बच्चों ने की मौज मस्ती

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 जनवरी।
साल का पहला दिन लोगों ने उत्साह से मनाया। सुबह की शुरुआत मंदिरों में पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद लोग परिवार के साथ सैर पर सपाटे निकले। समीपस्थ उद्यान संजय कानन में लोगों का उत्साह उमड़ा। यहां अलग-अलग टोलियों में लोग बैठकर स्वादिष्ट पकवानों का मजा लेते रहे। बच्चों ने उद्यान में खेलकूद की। स्कूली बच्चों ने भी उद्यान में शिक्षकों व दोस्तों के साथ धमा चौकड़ी कर साल के पहले दिन को यादगार बनाया। महिलाओं ने श्रीराम मंदिर के सत्संग कक्ष में उल्लास के साथ नव वर्ष का स्वागत किया।

शहर से लगे संजय कानन में सुबह से बच्चे और नागरिकों की भारी भीड़ लगी रही। सुबह 11 बजे महर्षि विद्या मंदिर स्कूल के शिक्षक और बच्चे यहां भ्रमण के लिए पहुंचे थे। यहां शिक्षकीय स्टाफ एक साथ बैठ पढ़ाई के विषय पर चर्चा कर हुए नजर आए। छोटे बच्चे भी अपने दोस्तों के साथ अलग-अलग स्थानों में धमाचौकड़ी और मौज मस्ती करने में मगन रहे। शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से उद्यान में मनोरंजन करने के लिए नागरिकों के आने-जाने का सिलसिला दिनभर चलता रहा। कोरोना संक्रमण के बाद से ज्यादातर लोग नए वर्ष का जश्न संजय कानन में या फिर आसपास के पिकनिक स्पाटों में मनाते देखे गए।

(संजय कानन में मौज मस्ती के लिए पहुंचे बच्चे और नागरिकों को टॉय ट्रेन शुरू न होने से मायूस होकर लौटना पड़ा। जानकारी अनुसार पालिका ने ट्रेन को शुरू
करने पूरी तैयारी कर ली है। नपाध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर का कहना है कि थोड़ा सा कार्य शेष है जिसे पूरा कर आगामी पांच जनवरी को विधिवत टाय ट्रेन का शुभारंभ किया जाएगा।)


अन्य पोस्ट