महासमुन्द

सरस्वती शिशु मंदिर महासमुंद में संघ के सप्त दिवसीय प्राथमिक शिक्षा वर्ग का समापन
02-Jan-2022 8:30 PM
सरस्वती शिशु मंदिर महासमुंद में संघ के सप्त दिवसीय प्राथमिक शिक्षा वर्ग का समापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 2 जनवरी। इतिहास साक्षी है, हमने कभी घुटने नहीं टेके। सामथ्र्य भर प्रतिकार किया। हमारा इतिहास साहस, शौर्य, पराक्रम, त्याग और बलिदान का इतिहास है। हर युग और हर काल में ऐसे रणबांकुरे हुए जिन्होंने आक्रमणकारियों के छक्के छुड़ा दिए। चंद्रगुप्त मौर्य, छत्रपति शिवाजीए महाराणा प्रताप जैसे वीर योद्धाओं की गाथाओं से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए। हमने अपनी संस्कृति को अक्षुण्ण रखने के लिए अनेक स्तरों पर संघर्ष किएए हमें उन संघर्षों पर गर्व है। उक्त उद्गार है राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ राजिम विभाग के प्रचारक भैया तुलसीदास के। वे सरस्वती शिशु मंदिर महासमुंद में आयोजित संघ के सप्त दिवसीय प्राथमिक शिक्षा वर्ग के समापन अवसर पर विचार व्यक्त कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में हमारे लिए अनेक चुनौतियां हैं। हमारे देश का विभाजन धर्म के आधार पर हुआ था इसलिए विभाजन के पश्चात् का शेष भारत हिन्दू राष्ट्र है। शिक्षा, स्वास्थ्य व सेवा के नाम पर मतान्तरण जारी है। बहुसंख्यक हिन्दू समाज को बरगलाया जा रहा है। साम्यवाद बड़ी चुनौती है। चीन, दक्षिण कोरिया जैसे देश नक्सलवाद को बढ़ावा दे रहे हैं।

इस अवसर पर वर्ग कार्यवाह द्वारा जानकारी दी गई कि प्राथमिक शिक्षा वर्ग में जिले के पांच खंड व दो नगर से 60 प्रशिक्षार्थी उपस्थित हुए जिसमें स्कूल विद्यार्थी 18, महाविद्यालयीन 25, कृषक 7, व्यवसायी 6 व कर्मचारी वर्ग से 4 स्वयंसेवक सम्मिलित हुए। पूरे 7 दिनों के प्रशिक्षण में स्वयंसेवकों ने शारीरिक व बौद्धिक क्षमता के विकास हेतु व्यायाम, योग, खेल, समता, आचार विभाग, अभ्यास सत्र, चर्चा सत्र, संवाद सत्र व बौद्धिक सत्र के माध्यम से प्रशिक्षित हुए। जिला संघचालक,  विभाग व जिला के अधिकारी, नागरिक, स्वयंसेवक उपस्थित थे। समापन कार्यक्रम का प्रारंभ अमृत वचन, सुभाषित व गीत के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों द्वारा व्यायाम योग, समता, निरूयुद्ध, दंड, खेल आदि का प्रदर्शन भी किया गया।


अन्य पोस्ट