महासमुन्द

जनदर्शन में मुकेश को ट्रायसायकल
29-Dec-2021 6:22 PM
जनदर्शन में मुकेश को ट्रायसायकल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 29 दिसंबर। कलेक्टर जनदर्शन में 71 वर्षीय दिव्यांग मुकेश रायचुरा को समाज कल्याण विभाग द्वारा ट्रायसायकल मिली। कलेक्टर  डोमन सिंह ने उन्हें ट्रायसायकल कलेक्ट्रेट के महानदी सभाकक्ष में सौंपी। उप संचालक समाज कल्याण संगीता सिंह ने बताया कि दिव्यांग मुकेश को यह ट्रायसायकल सहायक उपकरण यंत्र प्रदाय योजना अंतर्गत दी गयी है।

कलेक्टर से बातचीत करते हुए दिव्यांग मुकेश रायचुरा ने बताया कि एक वर्ष पूर्व वे सायकल से कहीं जा रहे थे। तभी रास्ते में उनका दुर्घटना हो जाने के कारण उनके बाएं पैर की हड्डी टूटने के कारण वो चलने फिरने मेें असमर्थ हो गए है। वे अपने आजीविका के लिए गली-गली घर-घर कैलेण्डर बेचने सहित अन्य छोटा-मोटा काम करते थे। किंतु एक साल से वे चलने फिरने में लाचार थे।

कलेक्टर जनदर्शन में ट्रायसायकल मिल जाने से फिर वह अपना पुराना काम कर आजीविका कर सकेंगे। इसके लिए उन्होंने समाज कल्याण विभाग और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने राज्य शासन को भी जनता के लिए चलायी जा रही हितग्राही मूलक योजनाओं के लिए धन्यवाद कहा।

मंगलवार को होने वाले कलेक्टर जनदर्शन में राज्य सरकार के हितग्राही मूलक योजना अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा जरूरतमंद हितग्राहियों को सामग्री का वितरण किया जा रहा है। इससे पहले भी कृषि, उद्यानिकी, शिक्षा, आदिम जाति विकास एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा भी हितग्राही मूलक योजना के तहत बीज मिनीकिट, श्रवण यंत्र, बैसाखी, अनुकम्पा नियुक्ति आदेश पत्र भी सौंपे गए है। कलेक्टर जनदर्शन में आने वाले आवेदनों पर भी संबंधित विभागों द्वारा कार्यवाही त्वरित की जाती है। इससे आवेदनकर्ता भी खुश है। 


अन्य पोस्ट