महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 दिसंबर। कलेक्टर जनदर्शन में कलेक्टर डोमन सिंह ने नगर पालिका महासमुंद द्वारा दीनदयाल अंत्योदय योजना, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन डीएवाई, एनयूएलएम शहरी क्षेत्र में गरीबी कम करने और आजीविका को बढ़ावा देने के लिए दो महिला स्वसहायता समूह को स्वरोजगार के लिए 5 लाख 10 हजार की राशि के चेक सौंपा। पवन महिला स्वसहायता समूह को 3 लाख 70 हजार और पद्मा महिला स्व सहायता समूह को एक लाख 40 हजार रुपए का चेक मिला।
इसी तरह व्यक्तिगत ऋण में आरती सैनिक और चंद्रशेखर बेलदार को आर्थिक आजीविका शुरू करने के लिए एक-एक लाख रुपए का चेक मिला। पवन स्व सहायता समूह की महिलाएं इस राशि से मिट्टी की मूर्ति एवं अन्य तरह की सामग्रियां का निर्माण करेंगी।
इस मौके पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एस. आलोक, अपर कलेक्टर ओपी कोसरिया, डिप्टी कलेक्टर डा. नेहा कपूर, नेहा भेडिय़ा, नगर पालिका अधिकारी आशीष तिवारी, एचडीएफसी बैंक मैनेजर उपस्थित थे।
कलेक्टर जनदर्शन में कृषि, समाज कल्याण, पशुधन विभाग, स्वास्थ्य विभाग द्वारा हितग्राहियों को हितग्राही मूलक योजना के तहत सामग्रियों का वितरण किया। कृषि विभाग द्वारा किसानों को मिनीकिट, समाज कल्याण विभाग द्वारा बुजुर्ग महिला को सुनने की मशीन ईयर फोन सौंपी गई। दूर-दराज से लोग अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन लेकर कलेक्टर से मिले। कलेक्टर ने उनसे आवेदन लिए और उनके निराकरण का समय-सीमा में करने का पूरा भरोसा दिया।


