महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,15 दिसंबर। यातायात व्यवस्था को लेकर शहर के चौक-चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने के लिए विभागीय अफसर बार-बार पत्राचार करते रहे, उन्हें मंजूरी नहीं मिली तो पालिका के जनप्रतिनिधियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सिग्नल लगाने वाली कंपनी से चर्चा कर नो प्रॉफिट-नो लॉस के तहत काम शुरू करा दिया। अब शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार लाने के लिए पालिका तीन चौक पर ट्रैफिक सिग्नल लगा रही है। इसके लिए स्वीकृति मिल गई है और जल्द ही काम शुरू होने वाला है।
जानकारी के अनुसार बरोंडा चौक, नेहरू चौक, अंबेडकर चौक को सिग्नल लगाने के लिए चिन्हित किया गया है। कंपनी के एक अधिकारी ने सोमवार को स्थल का निरीक्षण किया है। कहा जा रहा है कि पालिका दफ्तर के सामने क्रॉसिंग पर और कचहरी चौक क्रॉसिंग पर ब्लिंकर लाइट लगाई जाएगी। इसका मेंटेनेंस कंपनी करेगी और ट्रैफि क सिग्नल स्वयं के व्यय पर लगाएगी। सिग्नल पर होने वाले विद्युत मीटर और मेंटेनेंस के अलावा बिजली बिलों का भुगतान भी कंपनी स्वयं वहन करेगी।
आगामी एक जनवरी से शहर के नेहरू चौक पर लगने वाले सिग्नल को पहले शुरू किया जाएगा। इसके बाद अन्य दो सिग्नल शुरू होंगे। सिग्नल लगाने वाली कंपनी के अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण भी कर लिया है।
इस संबंध में पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर ने बताया कि शहर के तीन चौक पर सिग्नल लगाने के लिए रायपुर के फोर कॉर्नर आउटडोर मीडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को काम दिया गया है। उन्होंने बताया कि शहर की आबादी 80 हजार के करीब है। शहर के बीच से नेशनल हाइवे के गुजरने के कारण यातायात का दबाव भी बना रहता है। पार्षदों के अथक प्रयास से शहर के नागरिकों के सुगम यातायात के लिए ट्रैफि क सिग्नल लगाए जा रहे हैं।
जानकारी मिली है कि जनवरी 2022 में यह शुरू हो जाएगा। भारी वाहनों की रफ्तार कम होगी। एनएच-353 की वजह से भारी वाहनों की आवाजाही इस रास्ते लगातार बनी हुई है। भारी वाहन चालक शहर के अंदर भी तेज रफ्तार गाड़ी चलाते हैं। सिग्नल लगने के बाद भारी वाहनों के रफ्तार पर लगाम लगेगी।
वैसे शहर के मध्य से गुजरी एनएच-353 मार्ग का सौंदर्यीकरण होने के बाद से चौक-चौराहों पर चालकों को आवागमन करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। चारों दिशाओं से चालक अपनी मनमर्जी से गाडिय़ों को अड़ा देते हैं, इससे जाम की स्थिति बन जाती है। वहीं हादसों का भी भय बना रहता है। अत: नेहरू चौक पर सबसे पहले शुरू होगा। सिग्नल शहर के तीन चौक-चौराहों पर एक साथ लगेगा।