महासमुन्द
छत्तीसगढ़ संवाददाता
महासमुंद, 21 नवंबर। केंद्रीय विद्यालय महासमुंद में वार्षिक खेल उत्सव मनाया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता अशोक कुमार चंद्राकर प्राचार्य केंद्रीय विद्यालय महासमुंद ने की।
इस दौरान अशोक कुमार चंद्राकर ने गुरू की महत्ता तथा प्रकाश पर्व के बारे में जानकारी देते हुए खेल के महत्व के बारे में बताया। इसी कड़ी में विद्यालय में विविध खेल का आयोजन हुआ जिसमें प्राथमिक विभाग में लंगड़ी दौड़, रस्सी दौड़, लेमन दौड़, फुगड़ी इत्यादि कार्यक्रम हुआ। माध्यमिक तथा उच्चतर माध्यमिक कक्षाओं में स्केटिंग, ऊंची कूद, लंबी कूद, सौ मीटर दौड़, दो सौ मीटर रिले रेस इत्यादि खेल का आयोजन हुआ।
प्रथम द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र व पुरस्कार से सम्मानित किया गया। साथ ही शिक्षकों के बीच खेल का आयोजन किया गया जिसमें सौ मीटर दौड़ में प्रथम स्थान वीरेंद्र कुमार पटेल, द्वितीय स्थान ओमप्रकाश चंद्राकर तथा तृतीय स्थान विवेकानंद प्रधान ने प्राप्त किया। लंबी कूद में प्रथम विवेकानंद प्रधान, द्वितीय वीरेंद्र कुमार पटेल तथा तृतीय स्थान पर संयुक्त रूप से सूर्य कुमार साहू व गिरधारी लाल साहू ने प्राप्त किया। इस कार्यक्रम में प्राचार्य चंद्राकर ने प्रथम द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र व पुरस्कार से सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन व धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के शिक्षक जितेंद्र कुमार चंद्राकर व कमलेश कुमार चंद्राकर ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा।


