महासमुन्द

केंद्रीय विद्यालय सरायपाली में वार्षिक खेलकूद
17-Nov-2021 5:26 PM
केंद्रीय विद्यालय सरायपाली में वार्षिक खेलकूद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,17  नवंबर।
केंद्रीय विद्यालय सरायपाली में सोमवार को वार्षिक खेलकूद दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसडीएम नम्रता जैन शामिल हुईं। अध्यक्षता स्कूल के प्राचार्य राहुल देव ने की। कक्षा 6वीं के बच्चों ने समूह गीत के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर चारों सदनों के बच्चों ने मार्च पास्ट का प्रदर्शन कर मुख्य अतिथियों को सलामी दी।

कक्षा 9वीं की छात्रा आंचल पटेल व वृष्टि नायक ने उत्कृष्ट तरीके से मंच का संचालन किया। कार्यक्रम संयोजक व शारीरिक शिक्षक पालन कुमार दीवान के निगरानी में शैक्षणिक सत्र 2 के तहत बालक और बालिकाओं के लिए अलग-अलग कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया, जिसमें दौड़, बोरा दौड़, रस्सी दौड़ जैसे मनोरंजक खेल गतिविधियां शामिल हैं।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को मैडल और प्रमाण पत्र प्रदान किया। गया। इस दौरान मुख्य अतिथि ने प्रतिभागियों को उत्साहित करते हुए कहा कि खेलकूद हमारे जीवन में आवश्यक है और स्वस्थ जीवन के लिए खेलना और व्यायाम अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बिना खेल के जीवन में उन्नति नहीं हो सकती। वहीं प्राचार्य राहुल देव ने भी खेल की महत्ता के बारे में विस्तार से बताया।

इस दौरान विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक सदाशिव बिसी, तोरण कुमार सिंह, अजीत कुमार त्रिपाठी, मलिका प्रधान, सुदीप्त बारिक, योगेश कुमार,टिकेलाल भोई, हेमलाल चौधरी, अखिलेश पाणिग्रही, आल्हाद नाइक व तुलसराम धीवर के साथ सभी स्टूडेंट्स मौजूद रहे।
 


अन्य पोस्ट