महासमुन्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 नवंबर। महासमुंद जि़ले के सभी पांचों विकासखंडों में बिहान मेला का आयोजन किया जा रहा है, ताकि समूह की महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों के बिक्री को और बढ़ावा मिले, उन्हें एक अच्छा मार्केट मिले, लोग उनके हाथों के हुनर से वाकिफ़़ हों।
बिहान मेला महासमुंद विकासखंड से शुक्रवार 12 नवंबर से शुरू हुआ। इस मेले में समूह द्वारा बनाई गई विभिन्न सामग्रियों की पहले दिन डेढ़ लाख रुपए की बिक्री हुई। कल पिथौरा और बागबाहरा ब्लॉक में बिहान मेला सजा, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिला। लोगों ने रसोई उपयोगी सामग्री, सजावटी सामान और बाथरुम में उपयोगी सामग्री खऱीदी। बिहान मेला में अधिकारियों ने कार्यालय में उपयोगी सामग्री की ख़ूब खऱीदी की। विधायक, कलेक्टर ने बनाए गए सेल्फ़ी ज़ोन में सेल्फ़ी ली।
पिथौरा में लगाए गए बिहान मेले में बसना विधायक एवं छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष देवेन्द्र बहादुर सिंह, बागबाहरा में आयोजित बिहान मेला में खल्लारी विधायक एवं संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव, और दोनों जगह कलेक्टर डोमन सिंह, जिला पंचायत के सीईओ एस प्रकाश बिहान मेला में शामिल हुए। एसडीएम पिथौरा ऋ तु हेमनानी, एसडीएम बागबाहरा राकेश गोलछा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी- कर्मचारी, बिहान दीदी और आसपास के ग्रामीण जन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
अतिथियों ने बिहान समूह की महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी लुत्फ भी उठाया। अतिथियों ने बिहान दीदियों द्वारा बनाए गए छत्तीसगढ़ व्यंजनों, मिठाईयों को चखा। बिहान समूह की दीदियों के द्वारा हस्तनिर्मित सामग्रियों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न हस्तनिर्मित उत्पादों के बारिकियाँ तथा उनके द्वारा उत्पादित सामग्रियों की ऑनलाईन बिक्री की प्रक्रिया आदि के बारे में भी विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी गई। बिहान मेले में नागरिकों का प्रवेश नि:शुल्क है।
इसी कड़ी में बसना में 16 एवं सरायपाली विकासखण्ड मुख्यालय में 17 नवम्बर को बिहान मेला का आयोजन होगा तथा जिला स्तरीय बिहान मेला 18 नवम्बर को जिला मुख्यालय में आयोजित की जाएगी।