महासमुन्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 नवंबर। जिला मुख्यालय महासमुंद के हाईस्कूल मैदान में शुक्रवार को एक दिवसीय बिहान बाजार का आयोजन किया गया। कलेक्टर डोमन सिंह ने इसका शुभारंभ कर स्टालों का अवलोकन किया। बाजार में जहां स्थानीय निवासियों की भीड़ उमड़ी रही, वहीं हाथ से बनी सामग्रियों की खूब मांग रही। बाजार में विभिन्न सामग्रियों की 50 हजार रुपए की नकद बिक्री हुई। वहीं अलग-अलग समूहों को विभिन्न उत्पादों के लिए करीब एक लाख रुपए का आर्डर भी मिला।
स्थानीय निवासियों के अलावा अधिकारियों-कर्मचारियों ने कार्यालय उपयोग में आने वाली रोजमर्रा की सामग्रियों मसलन झाड़ू, साबुन, फिनॉयल, डिटर्जेंट पाउडर, हैंडवॉश, एलईडी बल्ब आदि की खरीदारी की। बाजार में हुए नगद व्यापार व ऑर्डर से बिहान समूह की महिलाएं काफी उत्साहित रहीं। शुभारंभ के अवसर पर जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक, जनपद अध्यक्ष यतेंद्र साहू, जिला पंचायत सदस्य जागेश्वर जुगनू चंद्राकर, नोवीना जगत, राज्य महिला आयोग सदस्य अनिता रावटे आदि रहे।
जिला मुख्यालय के बिहान बाजार के बाद शनिवार, 13 नवंबर को बागबाहरा और पिथौरा में एक दिवसीय बिहान बाजार आयोजित है। इसी क्रम में बसना में 14 नवंबर व सरायपाली में परसों 15 नवंबर को बिहान मेला लगेगा। वहीं जिला स्तरीय बिहान बाजार जिला मुख्यालय महासमुंद में 17 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर ने सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
बिहान बाजार में ब्लॉक की कुल 20 महिला स्व सहायता समूहों ने अपने स्टॉल लगाए थे। इस दौरान कलेक्टर के साथ अन्य अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने बिहान दीदियों के हाथों की बनी मिठाइयों का स्वाद भी चखा। स्टालों पर आर्टिफिशियल ज्वेलरी, सजावटी सामान, स्वादिष्ट व्यंजन, घरेलू सामग्री के साथ समूह द्वारा हाथ से बनाए गए झाड़ू, साबुन, फिनॉयल, डिटर्जेंट पाउडर, हैंडवॉश, एलईडी बल्ब भी रहे, जिसकी लोगों ने जमकर खरीदी की। बिहान बाजार में विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुई, जिसका खरीदारी को पहुंचे लोगों ने आनंद लिया।