महासमुन्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 नवम्बर। केंद्र सरकार की ओर से पेट्रोल और डीजल के टैक्स की कटौती करने के बाद राज्य सरकार से भी वैट कम करने की मांग उठने लगी है। इसी क्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से पेट्रोल पंप पर प्रदर्शन कर राज्य सरकार से वैट टैक्स कम करने की मांग की गई। भाजयुमो के जिलाध्यक्ष जसराज बाला चंद्राकर के मार्गदर्शन में महासमुंद शहर के पुलिस वेलफेयर पेट्रोल पंप में युवा मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई।
इस दौरान भाजयुमो के पदाधिकारियों ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा डीजल में 10 रुपए व पेट्रोल में 5 रुपए की कटौती करते हुए जनता को बड़ी राहत दी गई है। साथ ही साथ भाजपा शासित राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेशों में भी जनता को राहत प्रदान करने के लिए इस पर लगने वाले वैट में भी कटौती की गई। ऐसे में छत्तीसगढ़ में भी आमजनों को राहत देने के लिए वैट में कटौती की जानी चाहिए।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद महेंद्र सिका, पूर्व पार्षद चंद्रशेखर जलक्षत्री, अनुसूचित जाति मोर्चा शहर अध्यक्ष सोनाधर सोनवानी, विक्की गुरुदत्ता, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष नंदू जलक्षत्री, भाजयुमो ग्रामीण मंडल अध्यक्ष यशवंत साहू, भाजयुमो शहर मंडल महामंत्री अमन वर्मा, उपाध्यक्ष जतिन रूपरेला, प्रचार प्रसार प्रमुख अमित राय, चंदन साहू, महेश साहू, ओंकार निषाद आदि उपस्थित थे।