महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुुंद, 23 सितम्बर। कैचमेंट एरिया में अच्छी बारिश होने से कोडार जलाशय की स्थिति सुधरते जा रही है। वर्तमान में कोडार जलाशय में 15.70 फीट पानी जमा है। इसके पहले किसानों को पानी देने के बाद जलाशय में केवल 10 फीट पानी शेष था।
मानसून को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा था कि इस बार कोडार जलाशय से अक्टूबर व रबी सीजन में किसानों को पानी नहीं मिलेगा। लेकिन कैचमेंट एरिया में अच्छी बारिश होने से कोडार में पानी की आवक बढ़ी है। बताया जा रहा है कि कोडार में पानी की आवक अभी भी जारी है और एक दो दिन में पूर्व की स्थित 17 फीट तक पहुंच जाएगा। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों की मानें तो वर्तमान में बारिश होने के कारण जलाशयों के सभी गेट बंद कर दिए गए हैं। किसी भी जलाशय से सिंचाई के लिए पानी नहीं दिया जा रहा है। अक्टूबर महीने में मांग के अनुसार जलाशयों से पानी छोड़ा जाएगा। क्षेत्र में प्रतिदिन रुक-रुककर बारिश हो रही है। इसलिए बांधों में पानी की आवक बनी हुई है। जलाशय भर रहे हैं।


