महासमुन्द

मेंटेनेंस के बाद भी भुईंया सॉफ्टवेयर बंद, किसानों के काम नहीं हो रहे
15-Sep-2021 6:37 PM
मेंटेनेंस के बाद भी भुईंया सॉफ्टवेयर बंद, किसानों के काम नहीं हो रहे

20 तक करनी है गिरदावरी रिपोर्ट की एंट्री

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 15 सितंबर।
भुईया सॉफ्टवेयर के बंद होने से गिरदावरी सहित अन्य काम रुक गया है। इससे पटवारियों व अन्य लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पटवारी कार्यालयों से लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। सॉफ्टवेयर बंद होने से गिरदावरी का काम भी रुक गया है। जानकारी के अनुसार आगामी 20 सितंबर तक पटवारियों को गिरदावरी की पूरी रिपोर्ट साफ्टवेयर में एंट्री करनी है, लेकिन बंद होने से एंट्री का काम नहीं हो रहा है। 

बताया जा रहा है कि सॉफ्टवेयर को मेंटेनेंस के नाम पर 7 सितंबर से बंद कर दिया गया था। छुट्टी के बीच मेंटनेंस का काम किया गया है, लेकिन सोमवार से सरकारी दफ्तरों व गिरदावरी का काम शुरू हो गया है। लेकिन पटवारियों का कहना है कि सॉफ्टवेयर अभी खुला ही नहीं है। इस संबंध में महासमुंद एसडीएम भागवत जायसवाल ने बताया कि राज्यस्तर से सॉफ्टवेयर में प्रॉब्लम आ रही थी। इसे मेंटनेंस किया गया है, लेकिन पिछले दो दिनों से सर्वर डाउन होने के कारण खुल नहीं रहा है। गिरदावरी के काम को देखते हुए सर्वर प्रॉब्लम की जानकारी दे दी गई है।

पटवारियों के मुताबिक प्रमुख काम गिरदावरी की एंटी 20 सितंबर तक पूरा करना जरुरी है। गिरदावरी की गई खसरों की एंट्री बाकी है। इसके साथ ही नामांतरण, बटांकन, ऑनलाइन संबंधित कार्य प्रभावित है। किसान व अन्य लोग पटवारी कार्यालय आ रहे हैं लेकिन उन्हें सर्वर डाउन होने के कारण खाली हाथ ही लौटना पड़ रहा है।
 


अन्य पोस्ट