महासमुन्द

बसना ब्लॉक के पात्र नागरिकों का हुआ शतप्रतिशत टीेकाकरण
14-Sep-2021 6:35 PM
 बसना ब्लॉक के पात्र नागरिकों का हुआ शतप्रतिशत टीेकाकरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 14 सितम्बर।
जिले के बसना ब्लॉक 12 सितम्बर को अंतिम पात्र हितग्राही को कोविड का टीकाकरण कर शत प्रतिशत टीकाकरण करने वाला दूसरा विकासखंड बना। इससे पूर्व सरायपाली विकासखण्ड में सभी पात्र लोगों को टीकाकरण किया जा चुका था। 

जिले में शुरू की गई कोरोना मुक्त मुहिम और तेज हो गई है। इस कारण अन्य ब्लॉक के नागरिक भी शतप्रतिशत् टीकाकरण कराने के लिए आतुर है। इससे पहले जिले के सभी नगरीय क्षेत्रों में सभी पात्र लोगों को कोविड का टीका का शत प्रतिशत् लक्ष्य पूरा हो गया था।

मालूम हो कि पूर्व में सरायपाली के ग्रामीण क्षेत्रों में एक लाख 41 हजार 483 पात्र लोगों को टीकाकरण किया गया। इसके उपरांत बसना के ग्रामीण क्षेत्रों में एक लाख 20 हजार 64 पात्र हितग्राहियों का टीकाकरण किया गया है। जिले में अब तक 06 लाख 17 हजार 278 सभी आयु श्रेणी के पात्र लोगों को कोविड का टीका लगाया जा चुका है। गांवों में टीकाकरण के लिए लोगों में भारी उत्साह देखा गया था।

कलेक्टर डोमन सिंह ने लक्ष्य हासिल करने वाले सभी गांवों को बधाई देते हुए जिले के छूटे हुए अन्य गांवों के लोगों को भी आने वाले दिन में शत.प्रतिशत टीकाकरण करवाने की अपील की। उन्होंने सरपंचों, पंचायत सदस्यों और गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य अमले सहित सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को इसके लिए बधाई दी और अधिक से अधिक सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक सहयोग के साथ ही इस महामारी को हराया जा सकता है। इसलिए जरूरी है कोई भी पात्र व्यक्ति वैक्सीनेशन से न छूटे।

 


अन्य पोस्ट