महासमुन्द

ओवरब्रिज के पिलर बनाने लगाई गई मशीन, खुदाई का काम भी शुरू
13-Sep-2021 6:46 PM
ओवरब्रिज के पिलर बनाने लगाई गई मशीन, खुदाई का काम भी शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 सितंबर।
अंबेडकर चौक शहर की तरफ  की ओर पिलर निर्माण का पेंच खत्म होते ही ब्रिज निर्माण कंपनी ने काम शुरू कर दिया है। ओवरब्रिज निर्माण के लिए जहां दो पिलर का निर्माण होना है, वहां मशीन लग गई है और पाइलिंग का काम शुरू कर लिया गया है। दोनों पिलर का निर्माण दीपावली तक पूरा कर लिया जाएगा। पाइलिंग के साथ स्लैब निर्माण का कार्य भी चलेगा। ट्रैक के ऊपर लगे गर्डर व पटरीपार दो पिलर को जोडऩे के लिए स्लैब ढलाई की जा रही है। जगह नहीं मिलने के कारण स्लैब ढलाई का काम धीमी गति से चल रहा था। 

ओवरब्रिज निर्माण कंपनी के इंजीनियर राहुल कुमार ने बताया कि कुछ जगहों की रजिस्ट्री हो गई है, इससे पिलर निर्माण के लिए जगह मिल गई है। पिलर निर्माण के पूर्व पाइलिंग का कार्य होता है। इसके लिए मशीन मौके पर है और काम शुरू हो गया है। त्योहारी सीजन के कारण कुछ दिनों से काम धीमी गति से चल रहा है। आने वाले दिनों में काम की रफ्तार तेज होगी। 

उन्होंने बताया कि पिलर निर्माण पूर्ण करने के दौरान रिटर्निंग वॉल के आगे नाला डायवर्ट करने का काम भी किया जाएगा। जगह नहीं मिलने कारण नाला डायवर्ट नहीं हो पा रहा है। 
सेतु निगम के इंजीनियर एलडी महाजन ने बताया कि नाला डायवर्ट के लिए एक-दो घर की रजिस्ट्री शेष है, उसकी भी रजिस्ट्री जल्द ही होने वाली है। मामले में जैसे ही कलेक्टर से अनुमति मिलती है, जगह खाली कराई जाएगी। नाले का पानी डायवर्ट होगा। ज्ञात हो कि नाला के पानी को डाइवर्ट करने सीमेंट के करीब 12 पाइप दो महीनों से आकर पड़े हंै।


अन्य पोस्ट