महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 सितम्बर। इस साल महासमुंद जिले में 21 वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीडा स्पर्धा का आयोजन किया है। प्रतियोगिता 15 से 18 सितंबर तक आयोजित होंगी। इस स्पर्धा में संभाग स्तर पर चयनित खिलाड़ी ही हिस्सा लेंगे। शिक्षा विभाग की क्रीडा अधिकारी अंजली बरमाल ने बताया कि राज्य स्तरीय स्पर्धा के आयोजन को लेकर तैयारियां चल रही है। खिलाडिय़ों के ठहरने की व्यवस्था की जा रही है। कोरोना संक्रमण कम होने के बाद अब खेल प्रतियोगिताओं की शुरूआत हो रही है। लिहाजा इस साल 21 वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीडा स्पर्धा की मेजबानी जिले को मिली है। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में हैंडबॉल, बॉल बैडमिंटन व रग्बी के खेल में कुल 144 खिलाड़ी अपना जौहर दिखाएंगे। गौरतलब है कि कोरोना संकट के चलते पिछले दो सालों तक स्कूल बंद रहे। इस बीच खिलाड़ी भी खेल गतिविधियों से दूर थे। राज्य सरकार ने स्कूल खुलते ही फिर से शालेय खेलकूद गतिविधियों को हरी झंडी दे दी है।
शासकीय डीएमएस स्कूल के व्यायाम शिक्षक हिरेंद्र साहू ने बताया कि स्पर्धा को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई है। 5 सितंबर से तैयारियां चल रही है। टीम ने मिनी स्टेडियम व फॉरेस्ट ग्राउंड का निरीक्षण किया है। इस दौरान निर्णय लिया गया है कि तीनों खेलों का आयोजन मिनी स्टेडियम व फॉरेस्ट ग्राउंड में होगा। उन्होंने बताया कि हैंडबॉल व बॉल बैडमिंटन का आयोजन मिनी स्टेडियम व रग्बी का आयोजन फॉरेस्ट ग्राउंड में किया जाएगा।
इस स्पर्धा में रायपुर, बिलासपुर,दुर्ग, सरगुजा व बस्तर के खिलाड़ी अपने ऑफिसर कोच, मैनेजर व दल प्रबंधक के साथ आएंगे। इन्हें अलग-अलग स्कूलों में ठहराया जाएगा। खिलाडिय़ों के ठहरने की व्यवस्था से लेकर अन्य व्यवस्थाएं भी पूरी कर ली गई है। इस राज्य स्तरीय स्पर्धा में हैंडबॉल बालक-बालिका, बॉल बैडमिंटन बालक-बालिका व रग्बी बालक-बालिका वर्ग शामिल होंगे।
हैंडबॉल में अंडर और 19, बॉल बैडमिंटन में अंडर 14 और 17, रग्बी में अंडर 17 और 19 वर्ग के खिलाड़ी स्पर्धा में रहेंगे। हैंडबॉल में 64, बॉल बैडमिंटन में 32 एवं रग्बी में 48 खिलाड़ी, इस तरह कुल 144 खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।


