महासमुन्द
छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 सितम्बर। पति की दीर्घायु व अखंड सौभाग्य की कामना को लेकर महिलाओं ने कल निर्जला व्रत रखा और आज सुबह स्नान के बाद पूजा अर्चना व भोग लगाने के बाद पकवान ग्रहण कर अपना व्रत पूरा किया। कल गुरूवार को दिनभर महिलाएं मंदिरों और घरों में शिव पार्वती की उपासना कर पति की लंबी आयु की कामना की। तीज पर्व के मद्देनजर एक दिन पूर्व शहर के शिव मंदिरों की साफ.सफाई की गई। आज सुबह से ही शिव मंदिरों में पूजा अर्चना के लिए महिलाओं की भीड़ लगी रही।
जिला मुख्यालय के अलावा शहर से लगे कनेकेरा, दलदली, बम्हनी और अन्य शिव मंदिरों में आज सुबह सुबह पहुंच महिलाओं ने पूजा अर्चना की। कई लोगों ने नदी तालाबों में स्नान कर वहां शिव मंदिर में पूजा की। कल तीज पर्व की पूर्व संध्या पर नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में स्थित बाजार मेें महिलाओं ने पूजा सामान के साथ श्रृंगार सहित विविध सामानों की खरीदारी की। इससे बाजार ग्राहकों से गुलजार रहा।
छत्तीसगढ़ी स्वर्णकार महिला मंडल महासमुंद ने कल तीज मिलन कार्यक्रम श्रीराम मंदिर में आयाोजित किया। इस दौरान विविध प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि निर्मला विनोद चंद्राकर, डा. रश्मि विजय चंद्राकर, मीना वर्मा, राशि त्रिभुवन महिलांग, ललिता प्रकाश चंद्राकर एवं रायपुर से पधारीं दीपिका सोनी विशेष तौर पर मौजूद रहीं। महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए अतिथियों ने स्वर्णकार महिलाओं को विविध क्षेत्र में आगे आने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर विविध स्पर्धा भी हुईं। श्रृंगार प्रतियोगिता में प्रथम स्वाति स्वर्णकार, द्वितीय नीतू सोनी तथा तृतीय डाली सोनी रही। कुर्सी दौड़ में प्रथम सारिका सोनी, द्वितीय राखी रानी, एवं तृतीय ज्योति सोनी रही। टीम 10 वूमेन विंग की संचालिका दीपिका सोनी ने विजेताओं को शील्ड एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।



