महासमुन्द
महासमुंद, 10 सितम्बर। राजभवन में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा राज्यपाल पुरस्कार व अंलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में प्रदेश भर के 1798 उत्कृष्ट स्काउट गाइड, रोवर रेंजर 14 स्काउटर व गाइडर को सम्मानित किया। इसमें महासमुंद जिले से 143 स्काउट गाइड भी शामिल रहे। महासमुंद जिले का प्रतिनिधित्व कुमारी हेलन ध्रुव आशीबाई गोलछा कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला की गाइड ने किया। मुख्य अतिथि राज्यपाल अनुसुइया उइके ने कहा कि भारत स्काउट्स व गाइड्स संस्था बच्चों में अनुशासन और राष्ट्रीयता की भावना जागृत करती है। संस्था से जुड़े विद्यार्थियों में मानव सेवा की भावना उत्पन्न होती है, जो जीवन भर उनके काम आती है।
स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने कहा कि स्काउट्स व गाइड्स ने कोरोना काल में कोरोना के प्रति उल्लेखनीय कार्य किया है। राज्यपाल ने उत्कृष्ट स्काउट व गाइड्स को पुरस्कृत करने की जो शुरुआत की है वह पूरे देश के लिए अनुकरणीय है। इस दौरान राज्य मुख्य आयुक्त विनोद सेवनलाल चन्द्राकर ने प्रदेश के स्काउटिंग गतिविधियों की प्रगति की जानकारी दी।
समारोह में कार्यकारी अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष शकुंतला साहू, चंद्रप्रकाश बाजपेयी, कन्हैया अग्रवाल, ममता राय, चंद्रकांता बाजपेयी, शशि चंद्राकर, निधि चंद्राकर, जिलाध्यक्ष महासमुंद दाउलाल चंद्राकर, नुकेश चंद्राकर, कमल लुनिया के साथ महासमुंद जिला संघ के स्काउट व गाइड बड़ी संख्या में मौजूद रहे। समारोह में प्रशिक्षण आयुक्त संतोष कुमार साहू को विशेष सेवा के लिए स्मृति चिन्ह व प्रमाण पत्र दिया गया।


