महासमुन्द
महासमुंद, 10 सितम्बर। समाचार पत्रों के माध्यम से जानकारी मिलने पर शिक्षा व शिक्षकों के भविष्य को लेकर आम आदमी पार्टी जिला अध्यक्ष भूपेन्द्र चन्द्राकर ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में जिस प्रकार लगभग 450 स्कूलें पूर्णत: बन्द कर दी गई हैं, एवं लगभग 150 स्कूल बन्द होने की कगार पर है ये बेहद ही चिंता का विषय है। इसमें सरकार को पहल करते हुए कोई उचित व्यवस्था बनाने हेतु रणनीति बनानी होगी जिससे इन स्कूलों में पड़ रहे लगभग 50 हजार बच्चों के भविष्य की पढ़ाई सुचारु रूप से जारी रहे। उन्हें किसी अन्य स्कूलों में दाखिले हेतु भटकना न पड़े। इसकी व्यवस्था सरकार को बनानी होगी, साथ ही इन स्कूलों के लगभग 20 हजार कर्मचारियों के रोजगार की व्यवस्था पर सरकार को काम करना पड़ेगा। एक सुझाव देते हुए कहा है कि सरकार द्वारा इंग्लिश मीडियम स्कूल खोले गए हैं, उन स्कूलों में इन कर्मचारियों के साक्षात्कार कर योग्यता के आधार पर नौकरी दी जानी चाहिए।


