महासमुन्द
महासमुंद, 9 सितम्बर। पाटनदादर में सडक़ बनाने आप पदाधिकारियों ने कलेक्टर के नाम ने संयुक्त कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। साथ ही मुख्यमंत्री ग्राम सडक़ योजना के अधिकारी के नाम भी ज्ञापन दिया और चेतावनी भी दी कि यदि ग्रामीणों की मांग जल्द पूरी नहीं की जाती है तो पार्टी ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन करेगी।
आम आदमी पार्टी महासमुंद के विधानसभा प्रभारी संजय यादव ने विज्ञप्ति जारी कर कहा कि उन्होंने महासमुंद विधानसभा क्षेत्र के झलप से लगे गांव पाटनदादर का दौरा किया, जहां पर ग्रामीणों ने बताया कि सरेकेल से पाटनदादर जाने का सडक़ मार्ग बनाने की मांग विगत कई वर्षों से ग्रामवासी कर रहे हैं। सडक़ बनाने का आश्वासन पूर्व विधायक एवं वर्तमान सरकार के विधायकों के द्वारा कई बार दिया जा चुका है, इसके उपरांत भी आज तक सडक़ बनाने की दिशा में किसी भी प्रकार कार्रवाई नहीं की गई। नेता चुनाव में आते हैं, वादा करते हैं, उसके बाद गांव झांकने तक नहीं आते। पाटन दादर तक पहुंचने के लिए एकमात्र कच्चा मार्ग है, जिसमें चलना किसी पहेली को बूझने के समान है। हॉस्पिटल आदि जैसे आपातकालीन सेवाओं के लिए लोग समय पर नहीं पहुंच पा रहे है। लोगों का जीवन दूभर हो गया है।
आम आदमी पार्टी ने सडक़ की समस्या को गंभीरता से लेते हुए इसके निराकरण के लिए उपयुक्त कदम उठाने की बात ग्रामीणों से कही है और जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चंद्राकर, विधानसभा प्रभारी संजय यादव, ब्लाक उपाध्यक्ष भुवनेश्वर साहू ने महासमुंद कलेक्टर के नाम सरेकेल से पाटनदादर तक सडक़ निर्माण के लिए संयुक्त कलेक्टर सुनील कुमार चंद्रवंशी को ज्ञापन सौंपा। साथ ही मुख्यमंत्री ग्राम सडक़ योजना के अधिकारी के नाम भी ज्ञापन दिया और चेतावनी भी दी कि यदि ग्रामीणों की जायज मांग जल्द पूरी नहीं की जाती है तो पार्टी ग्रामीणों के साथ मिलकर धरना, प्रदर्शन करेगी और जरूरत पड़ी तो महासमुंद विधायक का घेराव भी करेगी।


