महासमुन्द

पांच महीने पहले बम्हनी में महिला की हत्या की फिर से होगी जांच
04-Sep-2021 6:50 PM
पांच महीने पहले बम्हनी में महिला की हत्या की फिर से होगी जांच

महासमुंद, 4 सितम्बर। पांच महीने पहले कोतवाली थाना के बम्हनी में महिला की जघन्य हत्या के मामले में पुलिस अब तक आरोपी को नहीं ढूंढ सकी है। 
इसी साल 2021 में 27 मार्च को कुछ लोगों ने घर में अकेले मौजूद महिला की हत्या कर दी थी और हत्यारे पुलिस की गिरफ्तर से अभी तक बाहर हैं। यादव समुदाय सहित परिजनों ने कई बार मामले की जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। लिहाजा लगातार आ रही शिकायत के बाद डीजीपी डीएम अवस्थी ने इसकी नए सिरे से इस मामले में जांच के निर्देश दिए हैं।

कुछ दिनों पहले ही डीजीपी ने महासमुंद पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल से इस पूरे प्रकरण की जानकारी ली। जांच टीम बनाई गई है। इसमें एडिशनल एसपी मेघा टेंभुरकर, एसडीओपी महासमुंद नारद सूर्यवंशी, कोतवाली प्रभारी शेर सिंह बंदे, साइबर सेल प्रभारी संजय सिंह राजपूत को शामिल किया गया है। ये सभी 27 मार्च को संतोषी बाई यादव पति परमानंद यादव की धारदार हथियार से हत्या मामले को सुलझाएंगे। मालूम हो कि घटना के वक्त महिला घर पर अकेली थी। हत्यारों ने महिला पर चाकू से 15 से अधिक वार किए थे। महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के वक्त महिला का पति महासमुंद में था। वह जिला सहकारी बैंक में भृत्य है।
 


अन्य पोस्ट