महासमुन्द

सरायपाली थाने में रिश्वत लेने के मामले में थानेदार पर की गई कार्रवाई अपर्याप्त-डॉ.चोपड़ा
02-Sep-2021 6:58 PM
सरायपाली थाने में रिश्वत लेने के मामले में थानेदार पर की गई  कार्रवाई अपर्याप्त-डॉ.चोपड़ा

महासमुंद, 2 सितम्बर। भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक व पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने सरायपाली थाने में रिश्वत लेने के मामले में की गई कार्रवाई को अपर्याप्त बताया है। 

डॉ. चोपड़ा ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि इस प्रकरण में सरायपाली थानेदार पर भी कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही उसे निलंबित कर इस प्रकरण में जांच के दायरे में लाना चाहिए। 

उन्होंने कहा कि लगातार यह देखने में आ रहा है कि सरायपाली थानेदार जब से यहां पदस्थ हुए, आम लोगों के साथ मारपीट व दुव्र्यवहार की घटनाएं पुलिस विभाग द्वारा की जा रही है। इसको लेकर आम जनता में भारी आक्रोश है। पुलिस विभाग अपने विभाग के अपराधों पर छोटी-मोटी कार्रवाई कर अपना पल्ला झाड़ ले रहा है। 

पूर्व में समीर डूंगडूंग द्वारा 5 लाख रुपए की घूस की मांग का ऑडियो वायरल होने व स्पष्ट होने के बावजूद भी पुलिस प्रशासन ने उसका बचाव करते हुए एक छोटी सी सजा देकर उसे बरी कर दिया। प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री के सूक्ष्म जांच के आदेश को धता बताते हुए पूर्व की रिपोर्ट को ही सही बताने का प्रयास किया जा रहा है। 

डॉ. चोपड़ा ने इसकी निंदा करते हुए पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि इस प्रकरण में थानेदार को भी जांच के दायरे में शामिल कर उसे तत्काल निलंबित कर हटाया जाए।
 


अन्य पोस्ट