महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 सितंबर। सहायक उप निरीक्षक विष्णु प्रसाद साहू, प्रधान आरक्षक भुनेश्वर टंडन व प्रधान आरक्षक मुरलीधर पटेल छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में नियुक्ति पश्चात लंबी सेवा देने के बाद कल पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हुए। पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने पुलिस कर्मियों की उपस्थिति में एक समारोह आयोजित कर तीनों पुलिस अधिकारियों को ससम्मान विदाई दी गई।
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेघा टेम्भुरकर साहू, रक्षित निरीक्षक नीतिश आर नायर, कार्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों की उपस्थित में तीनों पुलिस अधिकारियों ने अपनी सेवा.वृतांत की चर्चा करते हुए पुलिस विभाग में नियुक्ति से लेकर अब.तक के सफर में आये अनुभव को साझा किया। समारोह में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने तीनों सेवानिवृत्त होने जा रहे पुलिस कर्मियों के विभागीय सेवा, डयूटी के प्रति समर्पण व सरल एवं स्वच्छ आचरण की प्रशंसा करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। विदाई समारोह के अंत में, उपस्थित सभी अधिकारी व कर्मचारियों ने पुष्प माला पहनाकर, पुष्पगुच्छ, शॉल, श्रीफल, मोमेंटो व उपहार भेंट कर उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं खुशहाल पारिवारिक जीवन के लिए कोटि-कोटि शुभकामनाएं दी।


