महासमुन्द
नाराज ग्रामीणों ने स्कूल में जड़ दिया था ताला, पदस्थापना के बाद आंदोलन खत्म
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 अगस्त। बागबाहरा विकासखंड के बोकरामुड़ा कला हाईस्कूल में आखिरकार 25 दिनों बाद पढ़ाई शुरू हो गई है। गुरुवार को विकासखंड शिक्षा अधिकारी दो शिक्षक व दो सहायक शिक्षक को लेकर गांव पहुंचे।
यहां ग्रामीणों को बताया गया कि 4 शिक्षक आ गए हैं और अब ये बच्चों को पढ़ाएंगे। तब जाकर ग्रामीणों ने स्कूल का ताला खोला। इसके बाद बीईओ ने स्कूल में चारों शिक्षकों की ज्वाइनिंग कराई। अब शिक्षकों की पदस्थापना के बाद ग्रामीण व पालकों ने भी अपना आंदोलन वापस ले लिया है।
इस स्कूल में भेजे गए शिक्षक विज्ञान, कला, गणित व वाणिज्य विषय के शिक्षक हैं। अपने विषय के अलावा अंग्रेजी व हिंदी भी इनके द्वारा पढ़ाया जाएगा। विकासखंड शिक्षा अधिकारी कौशल ठाकुर ने बताया कि 4 शिक्षकों की ज्वाइनिंग हाईस्कूल बोकरामुड़ा कला में करा दी गई है। अब वहां पढ़ाई शुरू हो गई है।
गौरतलब है कि बीते 25 अगस्त को पालकों व ग्रामीणों ने स्थानांतरण किए गए शिक्षकों की ज्वाइनिंग नहीं करने से नाराज होकर स्कूल में ताला जड़ दिया और धरने पर बैठ गए थे।
सूचना पाकर बीईओ 2 शिक्षक लेकर पहुंचे थे, लेकिन उन्हें वापस भेज दिया और कहा कि 4 शिक्षक की व्यवस्था जब तक नहीं होगी, तब तक स्कूल नहीं खुलेगा। समझाईश के बाद भी जब ग्रामीण व पालक नहीं माने तो वे अधिकारी वापस लौट गए थे। इसके बाद रातों-रात दो और शिक्षक की व्यवस्था की और दूसरे दिन सुबह 4 शिक्षक के साथ ज्वाइनिंग कराने पहुंचे।
सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी नितिन लहरे ने बताया कि बोकरामुड़ा कला हाईस्कूल में जांमगांव के सहायक शिक्षक तुवन ठाकुर विज्ञान, खैराडेरा स्कूल के सहायक शिक्षक सौरभ चौधरी कला, भलेसर स्कूल के शिक्षक किशन लाल मानकर वाणिज्य एवं बीकेबाहरा स्कूल के शिक्षक तुकाराम साहू गणित का स्थानांतरण किया गया है। गुरूवार को सभी शिक्षकों का ज्वाइनिंग करा दिया गया है और पढ़ाई भी शुरू हो गई है।