महासमुन्द

सरायपाली टीआई पर झूठा केस दर्ज कर मारपीट और जेल भेजने का आरोप
27-Aug-2021 1:40 PM
सरायपाली टीआई पर झूठा केस दर्ज कर मारपीट और जेल भेजने का आरोप

पुलिस के खिलाफ  नारेबाजी करते गेट के सामने बैठे रहे भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता, 10 सदस्यीय टीम ने एसपी से की मुलाकात
एसपी ने 10 दिन के भीतर मामले की जांच करने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई का दिया आश्वासन 
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
महासमुंद, 27 अगस्त।
भाजयुमो के पदाधिकारी पर सरायपाली थाना प्रभारी द्वारा झूठा केस दर्ज कर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए इसके विरोध में जिले के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। भाजयुमो ने थाना प्रभारी को निलंबित कर कार्रवाई करने की मांग पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल से की है। पुलिस अधीक्षक ने 10 दिन के भीतर मामले की जांच करने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। आश्वासन मिलने के बाद पदाधिकारी व कार्यकर्ता शांत हुए।

भाजयुमो नेताओं ने आरोप लगाया कि सरायपाली थाना प्रभारी जबरिया युवकों से मारपीट कर झूठे केस में फंसा रहे हैं। अभी तक वह आठ से दस लोगों के खिलाफ झूठा प्रकरण दर्ज कर,भाजपाइयों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई करने की खुले आम धमकी देते हैं। इसी के विरोध में गुरूवार की दोपहर भाजयुमो पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय से रैली निकाली। रैली कलेक्टोरेट परिसर पहुंची और एसपी कार्यालय का घेराव किया। 

इस दौरान पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रदीप चंद्राकर,भाजयुमो के जिलाध्यक्ष जसराज बाला चंद्राकर, विक्की सलूजा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। एसपी दफ्तर घेरने आए भाजयुमो के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को कलेक्टोरेट गेट के सामने पुलिस ने रोक दिया। पदाधिकारी, कार्यकर्ता कलेक्टोरेट गेट को धक्का देकर एसपी कार्यालय तक जाने के लिए गेट को खोलने का प्रयास करते रहे, लेकिन असफल रहे। इसके बाद पदाधिकारियों ने गेट के ऊपर चढ़कर पुलिस के खिलाफ  नारेबाजी की। फिर एसपी से चर्चा करने की मांग करते हुए गेट के सामने बैठ गए।
मांग पत्र व आश्वासन देने कलेक्टोरेट गेट के पास पहुंची अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेघा टेंभुरकर ने प्रदर्शनकारियों को कहा कि जांच कराने के बाद कार्रवाई करेंगे। लेकिन प्रदर्शनकारियों ने नहीं सुनी और एसपी से मिलने की जिद करते रहे। इसके बाद 10 सदस्यीय टीम को पुलिस अधीक्षक के पास ले जाया गया। यहां भाजपाइयों ने अपनी शिकायत बताई और जल्द ही कार्रवाई करने की मांग की। एसपी के आश्वासन मिलने के बाद मामला शांत हुआ।

भाजयुमो के जिलाध्यक्ष ने बताया कि भाजयुमो कार्यकर्ता को निशाना बनाकर उनके विरुद्ध झूठे आरोप लगाकर कार्रवाई करना निंदनीय है। इस मामले पर सरायपाली थाना प्रभारी की शिकायत एवं उनके विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की मांग महासमुंद पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल से मिलकर की गई है। जिला अध्यक्ष जसराज बाला चंद्राकर ने कहा कि उचित कार्रवाई नहीं की गई तो युवा मोर्चा द्वारा उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।

भाजयुमो के जिला मंत्री मयंक शर्मा ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को बताया कि टीआई ने उसे (मयंक शर्मा को) 23 अगस्त की रात साढ़े 10 बजे पकड़कर अपनी गाड़ी में बिठाया। रात डेढ़ बजे पेट्रोल पंप ले गए और वहां पिटाई की। इसके बाद थाने लाकर बिठा दिया गया। दूसरे दिन 24 अगस्त को भी भाजयुमो नेता की पिटाई टीआई ने की और शाम को प्रतिबंधित धारा के तहत कार्रवाई कर 25 तारीख की दोपहर 12 बजे जेल भेज दिया।

 


अन्य पोस्ट