महासमुन्द

400 किसान मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना का लेंगे लाभ
26-Aug-2021 6:34 PM
400 किसान मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना का लेंगे लाभ

छत्तीसगढ़ संवाददाता

महासमुंद, 26 अगस्त। इस बार जिले के करीब 400 किसान मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना के तहत योजना का लाभ लेंगे। वे अब धान के कुछ रकबे कम कर इसके साथ पौधरोपण करेंगे। ये किसान 2 हजार हेक्टेयर में कोदो, कुटकी, गन्ना, अरहर, मक्का, तिलहन, सुगंधित धान अन्य फोर्टिफाइड धान, केला पपीता की फसल लेंगे। पंजीयन का काम वर्तमान में चल रहा है। सितंबर के अंतिम माह तक पंजीयन होगा। कृषि विभाग के उप संचालक एसआर डोंगरे ने बताया कि इस साल मुख्यमंत्री पौधरोपण व राजीव गांधी न्याय योजना के तहत अन्य फसल लेने वालों को 10 हजार रुपए प्रति वर्ष दिया जाएगा।

जिले में इस योजना से जुडऩे के लिए विभाग की ओर से किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। अभी तक दोनों ही योजना के लिए लगभग 1 हजार किसान ने अपना पंजीयन करा लिया है।

ये किसान इस बार धान के रकबे को कम कर इस योजना के तहत पौधरोपण व अन्य फसल लेंगे। जिले के किसानों व वन अधिकार पट्टाधारी हितग्राहियों को मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना के तहत पौधरोपण के लिए प्रोत्साहित करें। योजना के तहत फलदार, इमारती और गैर इमारती प्रजाति के पौधरोपण को बढ़ावा देने के लिए योजना बनाई गई है। इससे किसानों की आय भी बढ़ेगी। इसके लिए पेड़ काटने और उसके परिवहन संबंधी प्रावधानों को भी सरल किया जाएगा।

मालूम हो कि इन दिनों पटवारी व कृषि विस्तार अधिकारी गांव में जाकर किसानों द्वारा लिए गए फसलों की गिरदावरी रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। जिन किसानों की गिरदावरी रिपोर्ट तैयार हो रही है, उसे सीधे सॉफ्टवेयर में चढ़ाया जा रहा है। जिससे किसानों को पंजीयन करने में इस बार परेशानी न हो। जिन किसानों ने अपने भूमि का रकबा घटाया व बढ़ाया है। उन्हें फिर से पंजीयन कराना होगा। वहीं जिन किसानों ने पूर्व भांति फसल ली है, उन्हें पंजीयन कराने की जरुरत नहीं है। उन किसानों का पंजीयन हो जाएगा।


अन्य पोस्ट