महासमुन्द
मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनिक योजना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 अगस्त। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री हाट.बाजार क्लिनिक योजना के तहत महासमुंद सहित विकासखण्ड बागबाहरा, बसना, सरायपाली और पिथौरा में हर हफ्ते लगने वाले हाट बाजार में स्वास्थ्य शिविर में जांच और इलाज की सुविधा मरीजों को त्वरित रूप से आधारभूत स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही है। मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनिक योजना में माह जनवरी से अगस्त 2021 के द्वितीय सप्ताह पौने आठ माह तक जिले की 15 हाट बाजारों में अब तक 216 हाट में 9572 मरीजों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं जरूरतमंद बीमारों का इलाज कर नि:शुल्क दवाईयां दी गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एनके मंडपे ने बताया कि इस दौरान माह अप्रैल.मई में कोरोना के चलते लगे लॉकडाउन एवं लोगों के स्वास्थ्य सुरक्षा कारणों से हाट बाजार भी बंद होने के कारण मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनिक पर भी असर पड़ा। लेकिन फिर भी शुरू हुए हाट बाजारों में अब तक 610 एनीमिया, 564 मलेरिया का चेकअप इसके साथ ही 460 लोगों का नियमित टीकाकरण किया गया। इसके अलावा मानसून के चलते 202 डायरिया पीडि़तों को लाभ पहुंचाया। उन्होंने बताया कि इसके साथ अब तक 5329 अन्य लोगों की विभिन्न प्रकार की जांच किए। 8807 पीडि़त मरीजों को बीमारी से संबंधित नि:शुल्क दवाईयां दी गयी। इस दौरान 83 लोगों ने एचआईवी की जांच कराई। वहीं 384 व्यक्तियों की क्षय रोग की जांच की गई।
इसी प्रकार 54 लोगों को लेप्रोसी,2521 पुरूष.महिलाओं की ब्लड प्रेसर की जांच की गई। इसमें से 212 लोग हाई ब्लड प्रेसर से पीडि़त पाए गए। वहीं 2351 मधुमेह डायबिटीज से ग्रस्त थे। इसमें से 85 डायबिटीजों को जिला अस्पताल के लिए रिफर किया गया। 284 गर्भवती महिलाओं की भी जांच की गई। इसके अलावा 445 लोगों की आंखों की जांच की गई। कलेक्टर डोमन सिंह ने हाल ही में बागबाहरा विकासखंड के ग्राम चुरकी साप्ताहिक हाट बाजार में लगाए गए मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनिक शिविर पहुंचकर मुख्यमंत्री हाट .बाजार क्लिनिक का निरीक्षण किया था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हाट.बाजार क्लिनिक नाम गरिमा के अनुरूप होनी चाहिए।
ताकि उपचार या स्वास्थ्य परीक्षण कराने आने वाले मरीजों को अच्छा वातावरण मिले। स्वास्थ्य जांच हेतु अलग व्यवस्था हो, मरीजों और उनके साथ आने वाले लोगों के लिए पेयजल की व्यवस्था होनी चाहिए। इसके अलावा मौसमी बीमारी की सभी जरूरी दवाईयां उपलब्ध होनी चाहिए।


