महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 अगस्त। सार्वजनिक स्थल में अतिक्रमण कर आत्महत्या करके सरपंच व ग्राम प्रमुखों को फं सा देने की धमकी देने वाले अतिक्रमणकारी पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी अतिक्रमण को हटाने के बजाए आत्महत्या करने की धमकी दे रहा था। आरोप है कि उसने गांव के बीच बाजार चौक में अतिक्रमण किया है, लोगों को परेशानी होती है।
चौकी प्रभारी हर्ष धुरंधर ने बताया कि आत्महत्या कर सरपंच और ग्राम प्रमुखों को फंसाने की धमकी देने के आरोपी पासिद निवासी टिकेश्वर निषाद (33) पर मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि ग्राम पासिद के सरपंच लाला राम निषाद ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि गांव के टिकेश्वर निषाद ने सार्वजनिक स्थल बाजार चौक में अतिक्रमण कर लिया है। विगत दिनों बाजार चौक के पास और सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण करने वाले लोगों को अतिक्रमण हटाने की समझाइश ग्राम पंचायत द्वारा दी गई। सभी ने अपना अतिक्रमण हटा लिया, पर टिकेश्वर निषाद नहीं माना और हटाने पर ग्राम पंचायत के पदाधिकारियों को धमकी दी कि वह आत्महत्या कर लेगा, जिसकी जिम्मेदारी ग्राम पंचायत के पदाधिकारियों व ग्राम प्रमुखों की होगी। बीते 18 अगस्त को करीब 11 बजे वह अपने घर के कमरे में स्वयं को बंद कर अपने ऊपर मिट्टी तेल डालकर बैठ गया था। ग्राम पंचायत के परदेशी निषाद सुन्दर लाल साहू, शिवलाल पटेल ज्ञान सिंग निषाद व अन्य लोगों द्वारा समझाइश दी गई। इसके बावजूद वह नहीं माना। तब गांव वालों ने पुलिस थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई।


