महासमुन्द
प्राचार्य को छोड़ सभी शिक्षकों का तबादला कर दिया गया था
ग्रामीणों ने कलेक्टोरेट पहुंचकर की थी शिकायत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 अगस्त। बागबाहरा विकासखंड के ग्राम बोकरामुड़ा कला के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की पदस्थापना होने के बाद भी शिक्षकों ने ज्वाइनिंग नहीं दी। जिन शिक्षकों का स्थानांतरण हुआ है, वे अब स्वास्थ्यगत और नियमों का हवाला देते हुए ज्वाइनिंग देने से बच रहे हैं। शिक्षकों की कमी के चलते बच्चों की पढ़ाई अब तक शुरू नहीं हो पाई है।
गौरतलब है कि ग्राम बोकरामुड़ा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्राचार्य सहित कुल 14 शिक्षक पदस्थ थे, जिनमें से प्राचार्य को छोड़ सभी शिक्षकों का तबादला कर दिया गया। ऐसे में स्कूल शिक्षकविहीन हो गया। ग्रामीणों ने इसका जमकर विरोध किया और 10 अगस्त को कलेक्टोरेट पहुंचकर मामले की शिकायत की।
ग्रामीणों के विरोध के बाद 4 शिक्षकों का बोकरामुड़ा स्कूल के लिए तबादला आदेश जारी किया गया, लेकिन इन शिक्षकों ने अब तक ज्वाइनिंग नहीं की है। बताया जा रहा है कि इनमें से कुछ शिक्षकों ने स्वाथ्यगत कारणों का हवाला दिया है और कुछ शिक्षक ने नियमों का हवाला देते हुए ज्वाइनिंग नहीं दी है। इस मामले में विकासखंड शिक्षा अधिकारी कौशल वर्मा का कहना है कि जिन शिक्षकों का स्थड्डानांतरण किया गया है, वे जाना नहीं चाहते हैं।
इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी से आदेश जारी हुआ है। इस आदेश के तहत शासकीय उमावि खल्लारी के एलबी शिक्षक देवेन्द्र चंद्राकर अंग्रेजी, शासकीय उमावि सुखरीडबरी बागबाहरा की एलबी व्याख्याता कामेश्वर साहू विज्ञान, एलबी शिक्षक शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बीके बाहरा तुकाराम साहू गणित एवं शासकीय पूर्व माध्यमिक शला नवाडीह खुर्द की एलबी शिक्षक पद्मावती क्षेत्रपाल कला का स्थानांतरण शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बोकरामुड़ा का स्थानांतरण हुआ है।


