महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 अगस्त। जिले के मिठाई की दुकानों में मिलावटी मिठाईयां व अन्य खाद्य पदार्थ बिकने की आशंका को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर डोमन सिंह ने सभी एसडीएम और खाद्य एवं औषधि प्रसाशन के अधिकारियों को ऐसे प्रतिष्ठानों जहां मिलावटी मिठाईयां एवं अन्य खाद्य पदार्थ बनाए जाते हैं, उनकी जांच एवं निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। इसके परिपालन में संबंधित विभाग के अधिकारी.कर्मचारी पूरी सक्रियता के साथ मिलावटी एवं दूषित खाद्य सामग्रियों के नमूने जांच कर रहे हैं। शिकायत मिलने पर भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी खाद्य एवं औषधि प्रशासन महासमुंद ज्योति भानु ने बताया कि अनुविभागीय अधिकारी पिथौरा के द्वारा गठित टीम ने विकासखण्ड पिथौरा स्थित होटल, मिठाई दुकान एवं रेस्टॉरेंट में खाद्य सामग्री गुणवत्ता की जांच की। इनमें खाद्य प्रतिष्ठानों मेसर्स प्रतीक स्वीट्स एवं रेस्टोरेंट से कलाकंद का नमूना एवं 500 रुपए का जुर्माना, पराग स्वीट्स से गाठिया का नमूना, तिवारी होटल से 500 रुपए का जुर्माना एवं 11 बॉटल एक्सपायरी किनले सोडा नष्ट कराया गया। छत्तीसगढ़ होटल से 200 रुपए का जुर्माना एवं उजाला होटल से 300 रुपए का जुर्माना किया गया।


