महासमुन्द
महासमुंद, 20 अगस्त। महासमुंद जिले में गुरूवार को कुल 22 सेंटरों में टीकाकरण सत्र आयोजित किया गया। इन सेंटरों में लगभग 850 लोगों को कोरोना टीका लगाया गया। सभी आयोजन जिला मुख्यालय में ही आयोजित किए गए। जहां लगभग 550 लोगों को टीका लगाया गया। गौरतलब है कि जिला मुख्यालय में अभी भी लगभग 3300 लोगों ने पहले डोज का टीका नहीं लगवाया है। जिन्हें जल्द से जल्द टीकाकृत करने के लिए विभाग लगातार अधिक से अधिक सेंर्टस पर टीकाकरण सत्र आयोजित कर रही है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि कोरोना की तीसरी लहर से बचाव के लिए टीके का पहला डोज भी कारगर है। इसी उद्देश्य के साथ हम कम से कम सभी को पहले डोज का टीका लगाने का कार्य कर रहे हैं।
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले में अब तक कुल टारगेट के 69.67 प्रतिशत लोगों को पहले डोज का कोरोना टीका लगाया गया है। वहीं 1 लाख 50 हजार 204 लोग यानि 19 फीसद लोगों को दूसरे डोज का टीका लगा है। वहीं जिला मुख्यालय में भी 93 फीसदी लोगों को पहले डोज का टीका लगाया गया है, जिसे शतप्रतिशत करने के लिए कार्य किया जा रहा है।


