महासमुन्द
महासमुंद,13 अगस्त। कार में ओडिशा से गांजा भरकर उत्तरप्रदेश जा रहे चार युवकों को बागबाहरा पुलिस ने खोपली पड़ाव के पास गिरफ्तार किया है। इसके पास से 50 किलो गांजा मिला, जिसे जब्त कर लिया गया है। जब्त गांजे की कीमत पांच लाख रुपए बताई गई है। ये सभी एक दिन पहले कार से गांजा लेने के लिए ओडिशा आए थे।
नवपदस्थ थाना प्रभारी वीणा यादव ने बताया कि कार क्रमांक यूपी 33 बीएल 3465 में गांजा तस्करी करते हुए ग्राम रासी थाना सरेनी जिला रायबरेली यूपी निवासी अनिरुध्द सिंह (42), शिवम सिंह (21), ग्राम सांडी थाना लालगंज कोतवाली जिला रायबरेली यूपी निवासी सचिन सिंह (27) एवं ग्राम मिश्रपुर थाना मानधारा जिला प्रतापगढ़ यूपी निवासी संजय कुमार सोनी (35) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया है। बागबाहरा पुलिस खोपली पड़ाव के पास घेराबंदी कर कार के आने का इंतजार कर रही थी। कार आते रोककर तलाशी ली गई। टीम ने कार के सीट के पीछे कवर और मेट के नीचे से करीब 50 किलो गांजा बरामद किया।
पूछताछ के दौरान कार में सवार चारों आरोपियों ने बताया कि वे गांजा लेकर यूपी जा रहे थे। पुलिस ने कार भी जब्त कर ली है।


