महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 अगस्त। पखवाड़े भर में लगभग जिले में सात चोरियां हो चुकी हैं। गुरूवार को कोतवाली व पटेवा थाने में चोरी के अपराध दर्ज किए गए हैं। इस क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है, वहीं एक दिन पहले तुमगांव थाने में भी चोरी की वारदात सामने आई है।
चोरों ने टॉवर में रखे बैटरी व ट्रांसफॉर्मर को चोरी कर लिया था, जिसकी रिपोर्ट तुमगांव थाने में दर्ज की गई है।
कल पटेवा ग्राम छिन्दौली में अज्ञात चोरों ने सूने मकान में प्रवेश कर सोने-चांदी के जेवरात व नगदी रुपए चोरी कर लिए। चोरों को मालूम था कि चाबी दरवाजे के ऊपर रखी है। इसलिए घटना को अंजाम देने में परेशानी नहीं हुई। छिंदौली निवासी शशि मारकंडे मुख्य दरवाजे में ताला लगाकर चाबी दरवाजे के ऊपर रखकर पड़ोसी के साथ नहाने के लिए तालाब चली गई। जब वापस आई तो देखी कि घर का दरवाजा खुला हुआ है। अंदर आलमारी का दरवाजा एवं लॉकर खुला हुआ था और उसमें रखे एक सोने का हार, एक जोड़ी कान का झुमका, सोने की फुल्ली, सोने का लॉकेट तथा एक जोड़ी चांदी की पॉयल एंव नगदी 1000 रुपए गायब था।
जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 6 नयापारा में अज्ञात चोरों ने 9 अगस्त को एक मकान से 32 इंच का एलईडी टीवी चोरी कर लिया है। पुलिस के अनुसार प्यारे लाल साहू व उनका परिवार रात को खाना खाकर सो गया था। रात साढ़े 12 बजे प्यारेलाल लघु शंका के लिए उठा तो दरवाजा बंद करना भूल गया। दूसरे दिन सुबह यानी 10 अगस्त को सभी उठे तो पता चला कि घर में लगा एलईडी टीवी अपने स्थान पर नहीं है। आसपास पतासाजी के बाद जब पता नहीं चला तो थाने में रिपोर्ट दर्ज कराए हैं। चोरी गई टीवी की कीमत 7000 रुपए आंकी गई है।


