महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 अगस्त। महासमुंद जिला मुख्यालय में शुक्रवार को मिनी स्टेडियम में फुल ड्रेस रिहर्सल किया गया। इस साल महासमुंद में भी 75 वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जा रहा है। हालांकि जिले में कोविड 19 महामारी के चलते इस साल भी पिछले साल की तरह 15 अगस्त का कार्यक्रम होगा।
महासमुंद में स्वतंत्रता दिवस के जश्न की तैयारी पूरी कर ली गई है। 75वें स्वत्रंतता दिवस के लिए मिनी स्टेडियम में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। आज शुक्रवार को 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस 2021 की फुल ड्रेस रिहर्सल हुईं। कलेक्टर डोमन सिंह, पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल, संयुक्त कलेक्टर सुनील कुमार चंद्रवंशी मंच पर पहुंचे। महासमुंद शासकीय महाप्रमु वल्लभाचार्य महाविद्यालय मिनी स्टेडियम में रिहर्सल सुबह 9 बजे शुरू हुई। आज फुल ड्रेस रिहर्सल में वही इंतजाम रहा, जो 15 अगस्त को रहेंगे।
इस बार भी स्वतंत्रता दिवस को कोरोना के चलते झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं होंगे। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेघा टेम्भुलकर, अनुविभागीय अधिकारी भागवत प्रसाद जायसवाल, डिप्टी कलेक्टर पूजा बंसल, जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. एन के मंडपे सहित लोक लोक निर्माण, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग एवं अन्य जिला अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू जिला मुख्यालय में आयोजित 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। मंत्री श्री साहू ध्वजारोहण करेंगे। मुख्य अतिथि श्री साहू द्वारा मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का वाचन किया जाएगा। मालूम हो कि कोराना वायरस कोविड-19 संक्रमण को देखते राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों को पालन किया जाएगा। अत: इस बार भी मार्च पास्ट, परेड एवं परेड का निरीक्षण नहीं होगा, अपितु मुख्य अतिथि को जिला पुलिस बल, नगर सेनानी द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दी जाएगी। शहीद परिजनों का सम्मान किया जाएगा। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जाएगा। एनसीसी एवं स्काउट गाईड के बच्चे इस सलामी में शामिल नहीं होंगे।


