ताजा खबर
पहले फेस में ढाई लाख स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 जनवरी। प्रदेश के ढाई लाख कोरोना वारियर्स को पहले चरण में वैक्सीन लगेगा। वैक्सीन लगाने के लिए 11 सौ बूथ बनाए गए हैं। वैक्सीन लगाने की तैयारियां तकरीबन पूरी हो गई है। बताया गया कि 14 तारीख को कोरोना वारियर्स को वैक्सीन लगाया जा सकता है। इस सिलसिले में केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन 7 तारीख को राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों से रूबरू होंगे। इसमें राज्यों को वैक्सीन उपलब्धता की जानकारी दी जा सकती है।
केन्द्र सरकार ने भारत बायोटेक की कोवैक्सीन और दूसरी सीरम इंस्टिट्यूट की कोविशील्ड वैक्सीन को मंजूरी दी है। पहले चरण में कोरोना वारियर्स को वैक्सीन लगाया जाएगा। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने ऐसे कोरोना वारियर्स का पंजीयन कर सूची भेजने के लिए कहा था। बताया गया कि प्रदेश के 2 लाख 52 हजार चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मचारी व आंगनबाड़ी, मितानिन पंजीकृत किए गए हैं। इन सभी को पहले चरण में वैक्सीन लगाया जाएगा।
वैक्सीन लगाने के लिए प्रदेशभर में 11 सौ बूथ बनाए गए हैं। कोरोना वारियर्स को वैक्सीन लगाने के लिए बुधवार और गुरूवार को ऑनलाइन ट्रेनिंग प्रोग्राम भी आयोजित किया गया है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन 7 तारीख को सुबह साढ़े 11 बजे सभी राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों से रूबरू होंगे। इसमें वैक्सीन लगाने की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन यह भी जानकारी दे सकते हैं कि राज्यों को वैक्सीन कब तक उपलब्ध कराई जाएगी। सूत्र बताते हैं कि 10 तारीख के बाद राज्यों को वैक्सीन भेजना शुरू हो जाएगी, और संभावना जताई जा रही है कि 14 तारीख को वैक्सीन लगाया जा सकता है।
केन्द्र सरकार ने अभी यह भी स्पष्ट नहीं किया है कि राज्यों को कौन सा वैक्सीन उपलब्ध कराया जाएगा। माना जा रहा है कि कोविशील्ड वैक्सीन उपलब्ध कराई जा सकती है। छत्तीसगढ़ में वैक्सीन के भंडारण के लिए पुराना मंत्रालय के पीछे राज्य वैक्सीन भंडार गृह में व्यवस्था रखी गई है। राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. अमर सिंह ठाकुर ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में बताया कि रायपुर से ही जिलों में वैक्सीन भेजी जाएगी। इसके लिए पूरी व्यवस्था कर ली गई है।
स्वास्थ्य कर्मियों के परिजनों को
भी लगाया जाए वैक्सीन-संघ
छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने सरकार से मांग की है कि न सिर्फ स्वास्थ्य कर्मचारी बल्कि उनके परिवार के सदस्यों को भी पहले चरण में वैक्सीन लगाया जाना चाहिए। कर्मचारियों के साथ-साथ उनके परिवार के सदस्य खतरे में रहते हैं। स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष ओपी शर्मा ने कहा कि सैकड़ों की संख्या में स्वास्थ्य कर्मचारियों के परिजन भी कोरोना की चपेट में आए हैं। ऐसे में बचाव के लिए उन्हें भी वैक्सीन लगाना जरूरी है।


