ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 4 जनवरी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने पलटवार करते हुए कहा कि धान खरीदी पर भाजपा झूठे आरोप लगाते हुए लगातार अनर्गल बयानबाजी कर रही है। इतना ही नहीं, किसानों के बीच भ्रम फैलाकर उन्हें गुमराह कर रही है और धान खरीदी को बाधित करने के प्रयास में जुटी है। जबकि भूपेश सरकार अपना वादा पूरा करते हुए किसानों के साथ खड़ी है।
श्री मरकाम ने मीडिया से चर्चा में कहा कि प्रदेश में एक लाख 30 हजार मीट्रिक टन धान का उत्पादन होता है। इसमें से करीब 90 हजार मीट्रिक टन धान की खरीदी राज्य सरकार करती है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की प्रदेश प्रभारी पुरंदेश्वरी गलत बयान दे रही कि केंद्र ने धान खरीदी के लिए 9000 करोड़ का अग्रिम भुगतान किया है। राजीव गांधी किसान न्याय योजना से भाजपा परेशान है। किसानों को बोनस मिलने से भाजपा के पेट में दर्द हो रहा है। राज्य सरकार किसानों के लिए कर्ज लेकर धान खरीदी कर रही है, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह और प्रदेश के भाजपा सांसद किसानों को गुमराह करने में लगे हैं।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल के चलते धान खरीदी को लेकर कुछ परेशानियां हो रही है, लेकिन केंद्र की ओर से छग के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। केंद्र सरकार का 1 रुपये भी अनुदान नहीं है। राज्य की कांग्रेस सरकार अपना दायित्व पूरा करते हुए किसानों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की अपनी-अपनी सीमाएं हैं। समय पर जितना बारदाना संग्रह होना था, वह नहीं हो पाया। ऐसे में धान खरीदी में दिक्कत सामने आ रही है।
उन्होंने केंद्र पर हमला करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ से 60 लाख मीट्रिक टन चावल लेने का कमिटमेंट कर 24 लाख मीट्रिक टन चावल लेने की अनुमति देना मोदी भाजपा के किसान विरोधी काम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के साथ है और धान खरीदी में उनके साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। छत्तीसगढ़ के धान खरीदी में निरंतर केंद्र सरकार बाधा डाल रही है। छत्तीसगढ़ के किसानों को आर्थिक रूप से सक्षम होते देख भाजपा नेताओं को पीड़ा हो रही है।


