ताजा खबर
छाल व सरिया को तहसील कार्यालय का दर्जा
नववर्ष पर सीएम ने दी करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 2 जनवरी। नव वर्ष के दूसरे दिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आज रायगढ़ आगमन हुआ। उन्होंने मिनी स्टेडियम में आमसभा को संबोधित करते हुए नए साल के उपहार के रूप में जिलेवासियों को विभिन्न विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपए की सौगात दी। वहीं छाल व सरिया को तहसील बनाने का दर्जा भी दिया गया। साथ ही रायगढ़ मेडिकल कॉलेज का नाम गुरू घासीदास के नाम पर करने की घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज अपने निर्धारित समय से एक घंटा विलंब से रायगढ़ पहुंचे। उनके साथ जिले के प्रभारी मंत्री रविन्द्र चौबे भी साथ थे। इस अवसर पर खेल एवं उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल के साथ-साथ कांगे्रस के चारों विधायक एवं महापौर ने उनका स्वागत किया।

उन्होंने आमसभा को संबोधित करते हुए नए साल के उपहार के रूप में जिलेवासियों को विभिन्न विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपए की सौगात दी, जिसमें 117.755 करोड़ की लागत से 46 लोकार्पण एवं 280.364 करोड़ की लागत से 106 भूमिपूजन कार्य शामिल है। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने इस मौके पर विभिन्न योजनान्तर्गत हितग्राहियों को 5.90 करोड़ रुपये की राशि का सामग्री वितरण भी किया गया।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मिनी स्टेडियम में सभा को संबोधित करते हुए सर्वप्रथम जिलेवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दी। इसके बाद जिलेवासियों को नव वर्ष के उपहार के रूप में हेमुकलानी चौक में सौंदर्यीकरण के लिए डेढ़ करोड़ रुपए की घोषणा की गई। जिले में सरिया और छाल को दो नई तहसील बनाने की घोषणा की। वहीं खरसिया में रेलवे ओवरब्रिज के अलावा रायगढ़ के संजय कॉम्पेलेक्स के निर्माण के लिए डेढ़ करोड़ रुपये की घोषणा की गई। रायगढ़ मेडिकल कॉलेज का नाम गुरुघासीदास के नाम पर करने की घोषणा की। पहले इस मेडिकल कॉलेज का नाम भाजपा के वरिष्ठ नेता लखीराम अग्रवाल के नाम पर था। इसके अलावा जिले के चारों विधायकों के सभी मांगों को भी स्वीकार किया गया।



