ताजा खबर

धान खरीदी पर गरमाई राजनीति, कांग्रेस ने बुलाई आपात बैठक
02-Jan-2021 2:04 PM
धान खरीदी पर गरमाई राजनीति, कांग्रेस ने बुलाई आपात बैठक

भाजपा के खिलाफ लड़ाई की तैयारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 जनवरी।
धान खरीदी पर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने रविवार को प्रदेश कार्यकारिणी की आपात बैठक बुलाई है। इसके बाद जिलाध्यक्षों की बैठक होगी। बताया गया कि इन बैठकों में धान खरीद मसले पर भाजपा के खिलाफ जमीनी लड़ाई की रूपरेखा तैयार की जाएगी। 

एफसीआई द्वारा चावल नहीं लेने के कारण धान खरीदी में अव्यवस्था  फैल गई है। खरीदी केन्द्रों में धान जाम हो गया है। कस्टम मिलिंग  बंद है। हाल यह है कि धीरे-धीरे धान खरीदी बंद हो रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धान खरीदी में अव्यवस्था के लिए सीधे तौर पर पूर्व सीएम रमन सिंह और भाजपा को निशाने पर लिया है। दोनों पर केन्द्र सरकार को गुमराह करने का आरोप लगाया है।
 
कांग्रेस के संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेष नितिन त्रिवेदी ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि एक तरफ भाजपा एफसीआई को चावल नहीं लेने, और केन्द्र से चिट्ठी लिखवाकर बारदाना संकट पैदा कर रही है, तो दूसरी तरफ  25 सौ रूपए क्विंटल पर धान खरीदी की मांग कर रही है। भाजपा का दोहरा चरित्र सामने आ गया है। धान खरीदी में अव्यवस्था के लिए सीधे-सीधे भाजपा जिम्मेदार है। पार्टी ने इसके खिलाफ जमीनी स्तर पर लड़़ाई लडऩे का फैसला लिया है। 

बताया गया कि प्रदेश कार्यकारिणी की रविवार को आपात बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। इसके बाद जिलाध्यक्षों की बैठक बुलाई गई है। यह बैठक दोपहर बाद होगी। दोनों बैठकों में धान खरीद संकट पर विशेष रूप से चर्चा होगी। इन परिस्थितियों के लिए राज्य के भाजपा नेताओं को विशेष रूप से जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। इसको लेकर सभी जिला और ब्लॉक में धरना प्रदर्शन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।


अन्य पोस्ट