ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 जनवरी। नववर्ष के आगाज में मां बनी महिलाओं को 2021 का पहला दिन हमेशा याद रहेगा। गुजरा साल का समाप्त होते ही जैसे नववर्ष का समय शुरू हुआ, उसी वक्त राजनंादगांव मेडिकल सह-जिला अस्पताल में तीन महिलाओं ने स्वस्थ बच्चों को जन्म दिया। बच्चों की किलकारियां सुनकर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। साल का पहला दिन होने की वजह से बच्चों का जन्म होने को काफी शुभ माना जाता है। इस दिन बच्चों के दुनिया में आने से परिजनों में दोहरी खुशी होती है।
मिली जानकारी के मुताबिक जालबांधा की पूजा और राजनंादगांव शहर के विवेकानंद नगर तथा डबरीपारा की रहने वाली मोनिका विवेक और रानी नामक महिला ने स्वस्थ बच्चों को जन्म दिया। नवजात के दुनिया में आने से यह दिन यादगार हो गया।
जालबांधा की पूजा ने जहां आधी रात 12.08 बजे बच्चे को जन्म दिया। वहीं मोनिका ने तडक़े 5.48 बजे और रानी ने 6.40 बजे नवजात शिशुओं को जन्म दिया।
बताया जाता है कि नववर्ष के साथ-साथ परिजनों को अपने घर में नए मेहमान के आने का बेसब्री से इंतजार था। अस्पताल में दाखिल माताओं को खास दिन में मां बनने का सुखद अनुभव हमेशा याद रहेगा।


