ताजा खबर
पुराना बदमाश हिरासत में, शाम तक खुलासा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 अक्टूबर। राजधानी रायपुर के रावाभाठा (खमतराई) क्षेत्र में कल सुबह जिस युवक का खून से लथपथ शव बरामद हुआ था, उसकी पहचान कर ली गई है। मृतक कमल विहार का रहने वाला राजमिस्त्री था। उसकी धारदार चाकू मारकर हत्या की गई थी। पुलिस इस मामले में एक पुराने बदमाश को हिरासत में लेकर जांच में लगी है। एक अन्य युवक फरार बताया जा रहा है। पुलिस इस घटना का शाम तक खुलासा कर सकती है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक कमल विहार का राजू वर्मा (35) राजमिस्त्री था और परसों शाम-रात वह रावांभाठा क्षेत्र से अपने घर लौट रहा था। इस दौरान उसे रास्ते में एक पुराना बदमाश तोरण चंद्राकर मिल गया। पुराने बदमाश को देखकर राजू ने लाठी दिखाई, तो उसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। उसके पेट और जांघ में चाकू से कई वार किए गए थे। यह जानकारी सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आई। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए पुराने बदमाश को हिरासत में ले लिया। उसके साथी की तलाश चल रही है।
पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान के लिए कल आसपास की फैक्ट्रियों में उसकी फोटो दिखाते हुए पूछताछ की गई, लेकिन रात तक उसकी पहचान नहीं हो पाई। आज मृतक से जुड़े कुछ लोग थाने पहुंचे, तब जाकर उसकी पहचान हो पाई। घटना को लेकर और जानकारी जुटाई जा रही है। शाम-रात तक इस मामले का खुलासा भी हो सकता है।


