ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 अक्टूबर। खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने टीएस सिंहदेव के कार्यकर्ताओं की नाराजगी वाले बयान पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की नाराजगी के लिए वहां के जनप्रतिनिधि जिम्मेदार हैं।
स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव ने कहा था कि कार्यकर्ताओं में असंतोष है, जिसे दूर किया जाना चाहिए। इस पर मीडिया से चर्चा में खाद्य मंत्री ने कहा कि कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने की जिम्मेदारी वहां के विधायक और मंत्री की है। कार्यकर्ताओं को नाराजगी के लिए वहां के जनप्रतिनिधि जिम्मेदार रहते हैं। श्री भगत ने कहा कि कार्यकर्ताओं की नाराजगी स्थानीय स्तर पर हो सकती है, प्रदेश में कार्यकर्ता सरकार से संतुष्ट हैं।
उल्लेखनीय है कि स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव ने अंबिकापुर में बूथ कार्यकर्ता की बैठक के बाद कहा था कि स्वाभाविक रूप से कार्यकर्ताओं में असंतोष है जो रिस्पांस मिलना चाहिए वह नहीं मिल रहा है। कार्यकर्ताओं में इस असंतोष को नकारा नहीं जा सकता। लंबे समय के बाद सरकार आई है कार्यकर्ताओं को जो उम्मीद थी वैसा नहीं मिल पा रहा है।


