ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 23 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ सरकार में कैबिनेट मंत्री टीएस सिंहदेव ने आज अंबिकापुर राजमोहिनी देवी भवन में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद बड़ा बयान दिया है। सिंहदेव ने कहा है कि स्वाभाविक रूप से कार्यकर्ताओं में असंतोष है जो रिस्पांस मिलना चाहिए वह नहीं मिल रहा है। कार्यकर्ताओं में इस असंतोष को नकारा नहीं जा सकता। लंबे समय के बाद सरकार आई है कार्यकर्ताओं को जो उम्मीद थी वैसा नहीं मिल पा रहा है। सिंहदेव ने कहा कि प्रयास रहता है कि इन बैठकों के माध्यम से पता करें कि कार्यकर्ताओं की क्या स्थिति है, उनको क्या दिक्कत आ रही है, और क्यों दिक्कत आ रही है, जानने के बाद हल करने का प्रयास रहता है। उक्त बातें सिंहदेव ने बूथ स्तर के बैठक के उपरांत पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।
गौरतलब है कि 15 सालों बाद प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आई है।सरगुजा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को उम्मीद थी कि सरकार में आने के बाद उनका काम होगा मगर ऐसा नहीं हो पा रहा है जिससे कार्यकर्ताओं में काफी रोष व्याप्त है।अंबिकापुर नगर के राजमोहनी देवी भवन में आयोजित बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की बैठक मंत्री श्री सिंह देव ले रहे थे जिसमें यह बात सामने आई है।बैठक उपरांत सिंह देव ने कार्यकर्ताओं में व्याप्त असंतोष को स्वीकार करते हुए उनकी दिक्कतों का हल शीघ्र ही निकालने की बात कही है।


